गाजीपुर, 20 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) द्वारा गुरुवार को लेखपाल मुख्य भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। गाजीपुर में लेखपाल भर्ती परीक्षा के लिए 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिसे लेकर जिला अधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
इसी के साथ लेखपाल भर्ती परीक्षा में व्यवस्था बिगाड़ने वालों को लेकर जिलाधिकारी गाजीपुर अनुपम शुक्ला ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी ने गड़बड़ी करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि 21 मई की सुबह 10 बजे से 12 बजे तक लेखपाल भर्ती परीक्षा होनी है।
एग्जाम गाजीपुर जनपद में कुल 21 केंद्रों पर कराया जाएगा, जिसमें करीब 8,000 परीक्षार्थी शामिल होने हैं। परीक्षा सुचारू रूप से आयोजित हो, इसके लिए सभी की ड्यूटी लगा दी गई है, चाहे वह प्रशासन की हो या फिर पुलिस अधिकारियों की। इसके अलावा, गर्मी को देखते हुए सभी केंद्रों पर डॉक्टर की नियुक्ति और ओआरएस के पैकेट भी रखवा दिए हैं।
उन्होंने बताया कि परीक्षार्थियों को धूप से राहत पहुंचाने के लिए पंडाल और पानी की भी व्यवस्था की गई है। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी परीक्षार्थियों को दिक्कत न आए, इसके लिए रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से परीक्षा केद्रों के लिए ट्रांसपोर्ट की भी व्यवस्था की जा रही है।
इस दौरान उन्होंने परीक्षा में व्यवधान डालने वाले लोगों के लिए कड़ा संदेश भी दिया और कहा कि अगर कोई भी ऐसा करते हुए पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई किया जाएगा और मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। इसी के साथ उन्होंने साफ किया कि किसी भी परीक्षार्थी को अनुपयुक्त साधन का प्रयोग करके परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं है। इसके लिए फेस मार्किंग और बायोमेट्रिक्स भी कराया जाएगा।
यदि सोशल मीडिया पर परीक्षा में गड़बड़ी से जुड़ी कहीं भी कोई मामला आता है तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा सुचारू रूप से आयोजित हो, इसके लिए पुलिस की ओर से स्पेशल ड्यूटी भी लगाई गई है और सोशल मीडिया को लगातार मॉनीटर किया जा रहा है।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी