फीफा वर्ल्ड कप: मिस्र ने दर्ज की ऐतिहासिक जीत, पेनल्टी शूटआउट में ऑस्ट्रेलिया को 4-2 से हराया

फीफा वर्ल्ड कप:  मिस्र ने दर्ज की ऐतिहासिक जीत, पेनल्टी शूटआउट में ऑस्ट्रेलिया को 4-2 से हराया

नई दिल्ली, 4 जुलाई (आईएएनएस)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में मिस्र ने इतिहास रच दिया है। मिस्र ने विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले में पहली जीत दर्ज करते हुए ऑस्ट्रेलिया को पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही मिस्र ने राउंड ऑफ 16 में अपनी जगह पक्की कर ली है।

वहीं, हार के साथ ही ऑस्ट्रेलिया का वर्ल्ड कप में सफर समाप्त हो गया है। रोमांच से भरपूर इस मुकाबले में 90 मिनट तक दोनों टीमों की तरफ से एक-एक गोल किया गया। इसके बाद अतिरिक्त समय में भी स्कोर 1-1 रहा, जिसके चलते मैच के नतीजे का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ। शूटआउट में मिस्र ने ऑस्ट्रेलिया के दो प्रयास विफल रहे, जबकि मिस्र ने चार बार गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाते हुए पहली बार अंतिम 16 का टिकट कटाया।

हालांकि, मुकाबले की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया की टीम हावी नजर आई। क्रिस्टियन वोल्पाटो का एक बेहतरीन शॉट क्रॉसबार से टकराया। हालांकि, मैच के 13वें मिनट में ही मिस्र 1-0 की बढ़त बनाने में सफल रही। करीम हाफेज के क्रॉस को इमाम अशूर ने बेहतरीन हेडर की मदद से गोल में तब्दील किया। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में यह अशूर का दूसरा गोल रहा। हालांकि, कई प्रयास करने के बाद पहले हाफ में ऑस्ट्रेलिया बराबरी हासिल नहीं कर सकी और शुरुआती 45 मिनटों तक मिस्र 1-0 की बढ़त बनाए रखने में सफल रहा।

दूसरे हाफ में ऑस्ट्रेलिया ने दमदार वापसी की। मैच के 55वें मिनट में एडेन ओ'नील ने फ्री किक को क्लीयर करने के प्रयास में मिस्र के डिफेंडर मोहामेद हानी अपना ही गोल कर बैठे। हानी की इस चूक के चलते स्कोर 1-1 से बराबर हो गया। इसके बाद दोनों टीमों का डिफेंस बेहद मजबूत बना रहा और 90 मिनट तक कोई और गोल नहीं हो सका।

वहीं, अतिरिक्त समय में भी ऑस्ट्रेलिया और मिस्र की टीम ने गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन दोनों ही टीमों को सफलता हाथ नहीं लग सकी। पेनल्टी शूटआउट में मिस्र ने सभी चार प्रयासों में गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा, जबकि ऑस्ट्रेलिया की ओर से हैरी साउटर और लुकास हेरिंगटन लक्ष्य से चूक गए। मिस्र ने इस तरह पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से जीत दर्ज करते हुए पहली बार राउंड ऑफ 16 का टिकट कटाया।

--आईएएनएस

एसएम/एएस