फैनी उटागुशिमानिंदे ने रचा इतिहास, महिला टी20 में शतक लगाने वाली सबसे युवा बल्लेबाज

फैनी उटागुशिमानिंदे ने रचा इतिहास, महिला टी20 में शतक लगाने वाली बनीं सबसे युवा बल्लेबाज

नई दिल्ली, 20 मार्च (आईएएनएस)। रवांडा क्रिकेट टीम की फैनी उटागुशिमानिंदे टी20 इंटरनेशनल डेब्यू पर शतक बनाने वाली पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने नाइजीरिया इनविटेशनल महिला टी20 इंटरनेशनल टूर्नामेंट में लागोस में घाना के खिलाफ 65 गेंदों में 111 रनों की नाबाद पारी खेली। फैनी महिला टी20 इंटरनेशनल में शतक लगाने वाली सबसे युवा बल्लेबाज भी बन गई हैं।

फैनी उटागुशिमानिंदे ने महज 15 साल 223 दिन की उम्र में शतक लगाकर इतिहास रच दिया है। टी20 इंटरनेशनल डेब्यू पर किसी महिला द्वारा सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर का पिछला रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की कैरेन रोल्टन के नाम था, जिन्होंने 2005 में टॉन्टन में इंग्लैंड के खिलाफ 96 रन (नाबाद) बनाए थे।

सबसे कम उम्र में शतक बनाने का रिकॉर्ड पहले युगांडा की प्रोस्कोविया अलाको के नाम था, जब उन्होंने 2019 में किगाली में माली के खिलाफ 116 रन बनाए थे, तब उनकी उम्र 16 साल और 233 दिन थी।

मेंस क्रिकेट में चार बल्लेबाजों ने अपने टी20 इंटरनेशनल डेब्यू पर शतक बनाया है, लेकिन इनमें से कोई भी फुल मेंबर टीम का खिलाड़ी नहीं है। कनाडा के मैथ्यू स्पोर्स 2022 में फिलीपींस के खिलाफ 108 रन बनाकर नाबाद रहे और वह इस लिस्ट में सबसे आगे हैं। फ्रांस के गुस्ताव मैककॉन टी20 इंटरनेशनल में शतक बनाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं। उन्होंने 18 साल और 280 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की।

उटागुशिमानिंदे के शतक की मदद से रवांडा ने 3 विकेट के नुकसान पर 210 रन बनाए। उटागुशिमानिंदे के अलावा रवांडा की तरफ से मर्वेल उवासे 19 गेंदों में 32 रन बनाकर नाबाद रहीं।

घाना की गेंदबाजों ने कुल 28 अतिरिक्त रन दिए, जिसमें 25 वाइड गेंदें शामिल रहीं। रवांडा से मिले 211 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए घाना की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 88 रन ही बना सकी।

टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए और कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर टिककर नहीं खेल सकी। रवांडा ने इस मुकाबले को 122 रनों से अपने नाम किया।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम