एक्सक्लूसिव: राहुल गांधी को शिवराज सिंह चौहान का जवाब- 'कांग्रेस की मानसिकता पार्टी को कहीं का नहीं छोड़ेगी'

एक्सक्लूसिव: राहुल गांधी को शिवराज सिंह चौहान का जवाब- 'कांग्रेस की मानसिकता पार्टी को कहीं का नहीं छोड़ेगी'

नई दिल्ली, 5 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर टिप्पणी को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी दल का विरोध करते-करते देश का विरोध करने लगे हैं। कांग्रेस की यह मानसिकता खुद कांग्रेस को कहीं का नहीं छोड़ेगी।

रवनीत सिंह बिट्टू का समर्थन करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "केंद्रीय राज्य मंत्री के खिलाफ गलत कमेंट किए जा रहे हैं। एक केंद्रीय मंत्री, जिनके परिवार ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ते हुए सर्वोच्च सम्मान दिया, उनको 'गद्दार' कहना है, यह राहुल गांधी की हताशा और निराशा को दिखाता है।"

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने संसद की सीढ़ियों पर बैठकर आते-जाते सांसदों पर कमेंट किए, जैसे छात्र राजनीति में होता है। छात्र नेता एक दूसरे पर 'छिछोरे कमेंट' किया करते थे। राहुल गांधी ने भी 'छिछोरे कमेंट' किए।' शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राहुल गांधी दल का विरोध करते-करते देश का विरोध करने लगे हैं। उनके और कांग्रेस पार्टी के व्यवहार को जनता देख रही है। कांग्रेस की यह मानसिकता खुद पार्टी को कहीं का नहीं छोड़ेगी।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लोकसभा में बोलने से रोके जाने का आरोप लगाते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "प्रधानमंत्री के पद की गरिमा को गिराने की कोशिश की गई। प्रधानमंत्री सिर्फ एक व्यक्ति नहीं हैं, वह संवैधानिक पद, गौरव और आत्मसम्मान हैं। पहले भी प्रधानमंत्री के अपमान पर जनता ने कांग्रेस को सजा दी है। इस बार भी जनता कांग्रेस पार्टी को नहीं छोड़ेगी।"

पूर्व सेना प्रमुख एमएम नरवणे की किताब को लेकर सदन में हंगामे पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हताश और निराश है। वह वैचारिक रूप से दिवालिया हो चुकी है। इसलिए वह व्यक्ति का विरोध करते हुए देश का विरोध करने लगी है।

--आईएएनएस

डीसीएच/