तिरुवनंतपुरम, 11 मई (आईएएनएस)। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी), अस्पताल, एझुकोन, कोल्लम, ने विभिन्न विभागों में संविदा के आधार पर सुपर स्पेशलिस्ट समेत अलग-अलग कुल 14 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति हेतु एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
ईएसआईसी ने जिन 14 पदों पर रिक्तियां निकाली है, उनमें मेडिकल ऑन्कोलॉजी विभाग में सुपर स्पेशलिस्ट के 1; फुफ्फुस विज्ञान विभाग, सामान्य चिकित्सा विभाग, प्रसूति एवं स्त्रीरोग विज्ञान विभाग, दुर्घटना आपातकालीन सेवा विभाग, रेडियोलॉजी विभाग, नेत्र विज्ञान विभाग, और मनोचिकित्सा विभाग से स्पेशलिस्ट के 1-1; और जैव रसायन विज्ञान विभाग, सामान्य चिकित्सा विभाग, प्रसूति एवं स्त्रीरोग विज्ञान विभाग, बाल रोग विभाग, रेडियोलॉजी विभाग, और आईसीयू विभाग से सीनियर रेजिडेंट के 1-1 पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार, टीसीएमसी/एमसीआई पंजीकरण के साथ एमबीबीएस, संबंधित विशेषज्ञता में मास्टर डिग्री/डिप्लोमा/डीएनबी, सुपर स्पेशलिस्ट के लिए एमसीएच/डीएम/डीएनबी होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में तय वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता का होना भी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु सीनियर रेजिडेंट पद के लिए 45 वर्ष और स्पेशलिस्ट/सुपर स्पेशलिस्ट पदों के लिए 69 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना इंटरव्यू के तारीख के हिसाब से की जाएगी। वहीं, योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 1,40,817 से 2,00,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी।
वॉक-इन इंटरव्यू 15 मई को 'ईएसआईसी अस्पताल, एज़ुकोन' पते पर सुबह 10 बजे से आयोजित किए जाएंगे। ऐसे में जो उम्मीदवार इंटरव्यू में शामिल होने वाले हैं, उनके लिए उसी दिन साक्षात्कार से पहले सुबह 9 बजे से 10 बजे के बीच रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया होगी।
इंटरव्यू के लिए रजिस्ट्रेशन कराने वाले अभ्यर्थियों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी के लिए 250 रुपए और एससी/एसटी के लिए 50 रुपए तय किया गया है। वहीं, महिला और दिव्यांग श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले ईएसआईसी-अस्पताल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी नोटिफिकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अधिसूचना में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसके प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और याद से इंटरव्यू के लिए अपने साथ केंद्र पर ले जाएं।
इसी के साथ कैंडिडेट्स को अधिसूचना के माध्यम से मांगे गए सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल कॉपी और उससे प्रिंट आउट, हालिया पासपोर्ट आकार की तस्वीरें, आदि इंटरव्यू के दिन अपने साथ केंद्र पर ले जाना होगा।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम