इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय महिला टीम घोषित, नंदिनी और चरणी को टेस्ट डेब्यू का मौका

इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय महिला टीम घोषित, नंदिनी और चरणी को टेस्ट डेब्यू का मौका

मुंबई, 2 मई (आईएएनएस)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम 10-13 जुलाई के बीच लॉर्ड्स में मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेलेगी, जिसके लिए नंदिनी शर्मा को टीम में शामिल किया गया है। वहीं, विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया ने टीम में वापसी की है। लॉर्ड्स में होने वाला यह एकमात्र टेस्ट मैच बेहद ऐतिहासिक है, क्योंकि यह इस प्रतिष्ठित मैदान पर खेला जाने वाला महिलाओं का अब तक का पहला टेस्ट मैच होगा।

यास्तिका भाटिया को इंग्लैंड के खिलाफ तीन टी20 मुकाबलों और विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भी टीम में बुलाया गया है, जो टेस्ट टीम में उमा छेत्री की जगह ले रही हैं। इसी टीम ने साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच खेला था।

रेणुका ने भी टीम में वापसी की है। उनके साथ तेज गेंदबाज नंदिनी भी टीम में आई हैं, जो विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में हैट्रिक लेने वाली पहली भारतीय बनी थीं, उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए 17 विकेट हासिल किए थे। स्पिन विभाग में भी एक जैसी अदला-बदली देखने को मिली है। बाएं हाथ की वैष्णवी शर्मा की जगह, बाएं हाथ की स्पिनर एन. श्री चरणी को टीम में शामिल किया गया है।

इस बीच, उमा और वैष्णवी को इंडिया 'ए' टीम में जगह मिली है। यह टीम 20 जून से 4 जुलाई के बीच इंग्लैंड 'ए' के खिलाफ तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेलेगी। टी20 मुकाबलों के लिए नॉर्थम्प्टन और चेम्सफोर्ड को वेन्यू के तौर पर चुना गया है, जबकि होव और टॉन्टन में वनडे मैच आयोजित होंगे।

इंग्लैंड दौरे पर टी20 मुकाबलों के लिए अनुष्का शर्मा को कप्तान और वृंदा दिनेश को उप-कप्तान बनाया गया है। वहीं, वनडे मुकाबलों में कप्तानी हरलीन देओल और उप-कप्तानी प्रतिका रावल संभालेंगी।

भारत 'ए' टीम के अन्यकैप्ड खिलाड़ियों में तेजल हसबनीस, जी. कमलिनी, प्रिया पुनिया, तनुजा कंवर, सयाली सतघारे, सिमरन बहादुर, मिन्नू मणि और साइमा ठाकोर शामिल हैं। तनीषा सिंह, निक्की प्रसाद, जिन्तिमणि कलिता, प्रेमा रावत और दीया यादव को भी 'ए' टीम सेट-अप में शामिल किया गया है।

इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट के लिए भारतीय टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, प्रतिका रावल, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), एन श्री चरणी, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), नंदिनी शर्मा, हरलीन देओल, रेणुका सिंह ठाकुर, क्रांति गौड़, सयाली सतघारे और स्नेह राणा।

इंग्लैंड ए के खिलाफ तीन टी20 मुकाबलों के लिए भारत ए टीम: अनुष्का शर्मा (कप्तान), वृंदा दिनेश (उप-कप्तान), जी कमलिनी (विकेटकीपर), उमा छेत्री (विकेटकीपर), वैष्णवी शर्मा, प्रेमा रावत, पूर्वाजा वर्लेकर, जिन्तिमणि कलिता, साइमा ठाकोर, सिमरन बहादुर, श्वेता सहरावत, दीया यादव, मिन्नू मणि, शबनम शकील और तनुजा कंवर।

इंग्लैंड ए के खिलाफ वनडे मुकाबलों के लिए भारत ए टीम: हरलीन देओल (कप्तान), प्रतिका रावल (उप-कप्तान), प्रिया पुनिया, तनीषा सिंह, जी कमलिनी (विकेटकीपर), उमा छेत्री (विकेटकीपर), तेजल हसबनीस, निक्की प्रसाद, प्रेमा रावत, तनुजा कंवर, वैष्णवी शर्मा, शबनम शकील, सयाली सतघारे, जिन्तिमणि कलिता और साइमा ठाकोर।

--आईएएनएस

आरएसजी