एलन मस्क रखें ध्यान, भारत कोई 'बनाना रिपब्लिक' नहीं : राम माधव

एलन मस्क रखें ध्यान, भारत कोई 'बनाना रिपब्लिक' नहीं : राम माधव

नई दिल्ली, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। स्टारलिंक के लाइसेंस को लेकर एलन मस्क और राहुल गांधी के 'एक्स' पोस्ट पर अब सियासत तेज हो गई है। इस पूरे मामले पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव ने दोनों को आड़े हाथों लिया है।

राम माधव ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "एलन मस्क को ध्यान में रखना चाहिए कि भारत कोई बनाना रिपब्लिक नहीं है, जहां वह जैसे चाहे बयान दे सकें। भारत में स्पेक्ट्रम और टेलीकॉम से जुड़े सभी मामले कानून और नियमों से चलते हैं। यह मोदी सरकार है और यहां सब कुछ पारदर्शी तरीके से और नियमों के अनुसार होगा।"

उन्होंने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, "मैं यह समझना चाहता हूं, क्योंकि राहुल गांधी हम पर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सरकार पर ट्रंप और मस्क के सामने सरेंडर करने का आरोप लगाते थे, हमें सरेंडर वाली सरकार कहते थे। अब वह खुद क्यों सरेंडर हो गए हैं? वह इतनी जल्दी में क्यों हैं कि एलन मस्क को स्पेक्ट्रम मिल जाए?"

राम माधव ने कहा कि भारत की कोई भी लीडिंग टेलीकॉम कंपनी हो, वह भी स्टारलिंक के साथ प्रतिस्पर्धा में है। जो भी नियम हैं, बिना किसी भेदभाव के नियम के अनुसार ही सब होगा।

उन्होंने कहा कि सबसे मजेदार बात राहुल गांधी के उतावलेपन की है। जो राहुल गांधी पहले कहते थे कि भारत के प्रधानमंत्री अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और बिजनेसमैन मस्क के सामने सरेंडर कर गए, वही राहुल गांधी आज खुद सरेंडर हो गए हैं। राहुल गांधी क्यों उतावले हो रहे हैं और कह रहे हैं कि एलन मस्क को स्पेक्ट्रम दिला दिया जाए।

राम माधव ने कांग्रेस संचार महासचिव जयराम रमेश का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जो जयराम रमेश पहले कहते थे कि स्टारलिंक देश की सिक्योरिटी के लिए खतरा बन सकता है, वहीं उनके नेता राहुल गांधी एलन मस्क की सिफारिश कर रहे हैं।

उन्होंने याद दिलाया कि यूपीए सरकार के समय भ्रष्टाचारी स्पेक्ट्रम तंत्र चलाया गया था। यह 'मोदी सरकार' है, यहां सब कुछ नियम-कायदे से चलता है। कोई भी कितना भी बड़ा हो, उसे भी नियम के दायरे में रहकर ही ट्रीट किया जाएगा।

दरअसल, एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था, "स्टारलिंक को 165 से ज्यादा देशों में लाइसेंस मिला हुआ है और इसने भारत सरकार के हर नियम और जरूरत को पूरा करने में पांच साल बिताए हैं, तो फिर भी लाइसेंस क्यों नहीं मिला? क्या अंबानी ही भारत के असली बॉस हैं?"

इसी पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लिखा था, "भारत में आपका स्वागत है, एलन।"

--आईएएनएस

वीकेयू/एबीएम