'एक राधा, एक मीरा' की पहली लाइन सुनते ही मंत्रमुग्ध हो गए थे राज कपूर, रवींद्र जैन से कहा-ये गाना मेरा हुआ

'एक राधा, एक मीरा' की पहली लाइन सुनते ही मंत्रमुग्ध हो गए थे राज कपूर, रवींद्र जैन से  कहा - ये गाना मेरा हुआ

मुंबई, 15 फरवरी (आईएएनएस)। राज कपूर के निर्देशन में बनी फिल्म 'राम तेरी गंगा मैली' साल 1985 में रिलीज हुई थी। मंदाकिनी और राजीव कपूर जैसे सितारों से सजी फिल्म के हर एक गाने को पसंद किया गया। आज भी फिल्म के गाने खूब सुने जाते हैं। बात जब 'एक राधा एक मीरा' की हो तो फिर बात ही क्या है।

राज कपूर के बड़े बेटे, अभिनेता और निर्माता रणधीर कपूर का आज जन्मदिन है। उन्होंने कपिल शर्मा के कॉमेडी टीवी शो 'कॉमेडी विद कपिल शर्मा' में अपने पिता राज कपूर और म्यूजिक डायरेक्टर रवींद्र जैन के साथ जुड़ा एक मजेदार और दिलचस्प किस्सा सुनाया, जो 'राम तेरी गंगा मैली' फिल्म के निर्माण से जुड़ा है।

रणधीर ने बताया कि एक बार वह और उनके पिता राज कपूर दिल्ली में किसी इवेंट में गए थे। वहां म्यूजिक डायरेक्टर रवींद्र जैन गाना गा रहे थे, 'एक राधा, एक मीरा, दोनों ने श्याम को चाहा।' यह गाना इतना सुंदर था कि राज कपूर ने वाह-वाह कहा और फिर पूरी सभा तालियां बजाने लगी। राज साहब मूड में आ गए और बोले, 'दादू (रवींद्र जैन), एक बार और सुना दो'। गाना दोबारा हुआ, फिर तालियां बजीं। राज कपूर ने रवींद्र जैन से पूछा, 'यह किस फिल्म का गाना है?' रवींद्र जैन ने कहा, 'यह मेरा प्राइवेट गाना है।' राज साहब एक्साइटेड हो गए और बोले, 'यह गाना मेरा हो गया!' फिर मजाक में रवींद्र जैन स्टेज से आकर उनकी गोद में बैठ गए, तो उन्होंने कहा, 'जाओ, अपना संगीत बजाओ, यहां क्या कर रहे हो?'

रणधीर कपूर ने आगे बताया, "कहानी यहीं खत्म नहीं होती। अगले दिन पिताजी ने मुझसे कहा, 'शाम को घर पर 5-7 लोग खाना खाएंगे, घरवालों को बोल देना।' घर पर तैयारी की गई और शाम को तबला, सितार, और सारंगी सब तैयार थे। राज कपूर रवींद्र जैन को लेकर आए। सब बैठे, फिर राज साहब बोले, 'दादू, मेरा गाना बच्चों को सुना दो।' गाना फिर शुरू हुआ। मैंने सोचा, 'पचास बार सुन चुका हूं, अब इक्यावनवीं बार!' गाना खत्म होने पर पिताजी ने मुझसे कहा, 'चेकबुक लाओ, 25 हजार का चेक रवींद्र जैन के नाम का बना के लाओ।'

किस्सा पूरा सुनाते हुए उन्होंने आगे बताया, "मैंने सोचा, 'देना तो पड़ेगा, बाप है।' चेक दिया। रवींद्र जैन खुशी से रो पड़े, बोले, 'राज कपूर मुझे फिल्म में ले रहे हैं।' उन्होंने अपनी पत्नी को बुलाने की इच्छा जताई। दो दिन बाद ऑफिस में पता चला कि राज कपूर पुणे चले गए हैं, रवींद्र जैन और म्यूजिशियन साथ हैं। चार दिन बाद लौटे तो बोले, 'तुम बहुत खुश होगे, मैंने 'राम तेरी गंगा मैली' का पूरा म्यूजिक तैयार कर लिया है। चार दिनों में हर गाना एक से बढ़कर एक तैयार हो चुका था।"

रणधीर ने आगे बताया, "मैं उत्सुक था। पिताजी से पूछा, 'कहानी क्या है?' तो उन्होंने कहा, 'अगले हफ्ते जाऊंगा, कहानी म्यूजिक पर ही बनाई है।' फिल्म की कहानी 'एक राधा एक मीरा' गाने पर आधारित थी—पहाड़ों में एक लड़की मिलती है, जैसे गंगा ऊपर से शुद्ध आती है, नीचे आते-आते मैली हो जाती है। इंसान भी बचपन में पवित्र होता है, दुनिया में मिलकर बदल जाता है।"

--आईएएनएस

एमटी/वीसी