ईआईएल में नई वैकेंसी जारी, एसोसिएट इंजीनियर पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू

ईआईएल में नई वैकेंसी जारी, एसोसिएट इंजीनियर पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू

नई दिल्ली, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश कर रहे युवा इंजीनियरिंग ग्रेजुएट्स के लिए अच्छी खबर सामने आई है। इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (ईआईएल) ने एसोसिएट इंजीनियर के विभिन्न 29 पदों पर भर्ती के लिए नई वैकेंसी निकाली है।

ईआईएल ने एसोसिएट इंजीनियर के जिन 29 पदों पर आधिकारिक अधिसूचना जारी कर एप्लीकेशन मांगे हैं, उनमें एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड-III (सिविल), एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड-III (वेल्डिंग/एनडीटी) और एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड-III (इलेक्ट्रिकल) के 6-6; एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड-III (मैकेनिकल) के 5; एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड-III (इंस्ट्रूमेंटेशन) के 3; और एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड-IV (सिविल), एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड-IV (मैकेनिकल) और एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड-IV (वेल्डिंग/एनडीटी) के 1-1 पद शामिल हैं।

ईआईएल की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया शुक्रवार, 10 अप्रैल से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 19 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।

एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन बीई/बीटेक/बीएससी (सिविल/मैकेनिकल/इलेक्ट्रिकल/वेल्डिंग/एनडीटी/इंस्ट्रुमेंटेशन, आदि) में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता और प्रासंगिक क्षेत्र में तय सालों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।

उम्मीदवारों की अधिकतम आयु पद अनुसार 41 से 45 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 31 मार्च के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन स्क्रीनिंग, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी शहर की श्रेणी और पद के अनुसार 86,400 से 1,12,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ उम्मीदवारों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

वॉक-इन-इंटरव्यू का आयोजन संबंधित पद अनुसार 27 से 30 अप्रैल तक 'इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड, सेक्टर-16 (एनएच-48 पर), गुरुग्राम, हरियाणा-122001' पते पर सुबह 8 बजे से किया जाएगा। ऐसे में जो उम्मीदवार इंटरव्यू में शामिल होने वाले हैं, उन्हें केंद्र पर समय से पहुंचने के साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स और आवेदन की हार्ड कॉपी साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले ईआईएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद करियर सेक्शन में जाएं और संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय एप्लीकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फॉर्म चेक कर उसे सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र का प्रिंट आउट भविष्य के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।

--आईएएनएस

डीके/एएस