लॉर्ड्स, 19 जुलाई (आईएएनएस)। भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान में खेला जा रहा है। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट के नुकसान पर 387 रन बनाए। लॉर्ड्स में वनडे फॉर्मेट में यह किसी भी टीम का सबसे बड़ा स्कोर है।
इंग्लैंड के लिए पारी की शुरुआत करने बेन डकेट और जैकब बेथेल आए। बाएं हाथ के दोनों बल्लेबाजों ने टीम को मजबूत और दमदार शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 30.1 ओवर में 192 रन की साझेदारी की। भारत के खिलाफ इंग्लैंड की तरफ से वनडे में पहले विकेट की ये सबसे बड़ी साझेदारी है।
तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने बेथेल का विकेट लेकर इस साझेदारी को तोड़ा। बेथेल 93 गेंदों पर 2 छक्कों और 11 चौकों की मदद से 91 रन की पारी खेलकर आउट हुए।
डकेट ने अपने वनडे करियर का चौथा शतक लगाया। वह 135 गेंदों पर 1 छक्का और 18 चौके की मदद से 141 रन बनाकर आउट हुए। डकेट ने आउट होने से पहले जो रूट के साथ दूसरे विकेट के लिए 101 रन की साझेदारी की।
जो रूट ने 48 गेंदों पर 9 चौकों की मदद से नाबाद 74 रन बनाए। सीरीज में रूट का यह लगातार तीसरा अर्धशतक है। बटलर ने 13 गेंदों पर 3 छक्कों और 4 चौकों की मदद से नाबाद 41 रन बनाए। बटलर और रूट के बीच 19 गेंदों पर 63 रनों की साझेदारी हुई। इसी साझेदारी के दम पर इंग्लैंड ने 50 ओवर में 3 विकेट पर 387 रन बनाए। कप्तान हैरी ब्रूक ने 12 गेंदों पर 14 रन की पारी खेली।
भारत की तरफ से गुरनूर बरार सबसे महंगे साबित हुए। बरार ने 10 ओवर में 97 रन दिए। वहीं, अर्शदीप सिंह ने 10 ओवर में 72 रन लुटाए। बरार और अर्शदीप को विकेट नहीं मिला। अक्षर पटेल ने भी 10 ओवर में 61 रन दिए। उन्हें भी विकेट नहीं मिला। प्रसिद्ध कृष्णा ने 10 ओवर में 69 रन देकर 2 विकेट लिए। प्रिंस यादव ने 10 ओवर में 79 रन देकर 1 विकेट लिए।
--आईएएनएस
पीएके