नई दिल्ली, 4 मई (आईएएनएस)। दिल्ली राज्य एड्स नियंत्रण समिति (डीएसएसीएस) ने संविदा के आधार पर स्टाफ नर्स सहित विभिन्न 31 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके मेडिकल क्षेत्र से जुड़े योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
डीएसएसीएस ने रिक्त जिन 31 पदों पर भर्ती जारी की है, उनमें डिप्टी डायरेक्टर, टीआई/रोकथाम; डिप्टी डायरेक्टर, आईसीटीसी/बीएसडी; डिप्टी डायरेक्टर, प्रयोगशाला सेवा, असिस्टेंट डायरेक्टर, आईसीटीसी/बीएसडी, असिस्टेंट डायरेक्टर, एसआई, असिस्टेंट डायरेक्टर, आईईसी, असिस्टेंट डायरेक्टर, डॉक्टर; असिस्टेंट डायरेक्टर, वाईए; तकनीकी अधिकारी; नैदानिक सेवा अधिकारी, डाटा निगरानी और प्रलेखन अधिकारी और स्टाफ नर्स के 1-1; असिस्टेंट डायरेक्टर, टीआई/रोकथाम; और मेडिकल ऑफिसर के 2-2; प्रयोगशाला तकनीशियन; परामर्शदाता (काउंसलर); और क्लस्टर रोकथाम अधिकारी के 5-5 पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 22 अप्रैल से शुरू हो चुकी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 23 मई तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय लास्ट डेट के दोपहर 1 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार ग्रेजुएशन/पोस्ट-ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास प्रसांगिक क्षेत्र में तय सालों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता व कौशल का होना भी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु पद के अनुसार 45 से 65 वर्ष के बीच तय की गई है। हालांकि असिस्टेंट डायरेक्टर, वाईए पद के लिए कैंडिडेट्स की अधिकतम आयु 25 वर्ष है। योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा, इंटरव्यू, और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 21,000 से 72,000 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले डीएसएसीएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी ऑफिशियल नोटिफिकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अधिसूचना में दिए गए आवेदन लिंक के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फॉर्म को चेक कर सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र की एक कॉपी का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकालकर रख लें।
डीएसएसीएस की ओर से परीक्षा/इंटरव्यू का स्थान, तिथि और समय बाद में सूचित किया जाएगा। वहीं, भर्ती और योग्यता से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए कैंडिडेट्स को डीएसएसीएस की ओर से संबंधित पद के लिए जारी डिटेल्ड नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।
--आईएएनएस
डीके/वीसी