डीएलएसए भर्ती अलर्ट: पैरा लीगल वालंटियर के 40 पदों पर आवेदन शुरू, 8 जून तक मौका

डीएलएसए भर्ती अलर्ट: पैरा लीगल वालंटियर के 40 पदों पर आवेदन शुरू, 8 जून तक मौका

पटना, 28 मई (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), भोजपुर ने संविदा के आधार पर पैरा लीगल वालंटियर (पीएलवी) के कुल 40 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।

डीएलएसए की ओर से जारी 40 रिक्तियों के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 20 मई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 8 जून तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरा करने की सलाह दी जाती है।

पैरा लीगल वालंटियर (पीएलवी) पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या बोर्ड से मैट्रिक पास या आवेदकों के पास हिंदी और अंग्रेजी लिखने-पढ़ने का ज्ञान होना चाहिए। वहीं, जो कैंडिडेट्स कंप्यूटर की जानकारी रखते हैं, वे अपने आवेदन में इसे जरूर से दर्ज करें, इससे उन्हें नियुक्ति में प्राथमिकता दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता और कौशल के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 750 रुपए प्रति दिन के हिसाब से होगी।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले डीएलएसए-भोजपुर की ऑफिशियल पोर्टल पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालने के बाद उसे 'सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, व्यवहार न्यायालय परिसर, भोजपुर, आरा, पिन कोड 802301' पते पर तय समय सीमा के अंदर डाक कर दें।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी