मुंबई, 3 सितंबर (आईएएनएस)। साउथ सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री राधिका सरथकुमार इन दिनों अपनी फिल्म 'हाय' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में राधिका ने एक अहम किरदार निभाया है और इसमें उनके साथ कविन और नयनतारा मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है और इसकी सफलता के बाद टीम की ओर से एक थैंक्यू मीट का आयोजन किया गया। इस दौरान राधिका ने फिल्म की सफलता पर खुशी जताई, साथ ही एक ऐसी बात भी बताई, जिसकी वजह से वह अब तक फिल्म देख नहीं पाई हैं। राधिका ने कहा कि इस फिल्म से उनके लिए एक बेहद खास और भावुक याद जुड़ी हुई है।
राधिका ने कहा, ''मैंने अभी तक 'हाय' फिल्म नहीं देखी है। मेरे लिए फिल्म देखना आसान नहीं है क्योंकि यह मेरे दोस्त और दिवंगत अभिनेता-निर्देशक-स्क्रीनराइटर के. भाग्यराज के साथ मेरी आखिरी फिल्म थी और इसी वजह से मैं इसे देखने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही हूं। मेरे लिए यह फिल्म भाग्यराज की याद से जुड़ा एक खास अनुभव है। उनके साथ मैंने सेट पर कई खूबसूरत पल बिताए थे।''
फिल्म की सफलता पर राधिका ने पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा, ''आज के समय में किसी फिल्म का सफल होना आसान नहीं है। ऐसे दौर में जब दर्शकों के पास मनोरंजन के कई विकल्प मौजूद हैं, किसी फिल्म का सिनेमाघरों में अच्छा प्रदर्शन करना अपने आप में बड़ी बात है। फिल्म की पूरी टीम ने कड़ी मेहनत की है। सभी लोगों को इस सफलता का जश्न मनाना चाहिए।''
राधिका ने बातचीत के दौरान के. भाग्यराज की पत्नी पूर्णिमा से हुई बातचीत का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ''पूर्णिमा ने मुझे हाल के दिनों में फोन किया था। वह फिल्म देख चुकी हैं और फिल्म देखने के बाद वह काफी इमोशनल हो गई थीं। पूर्णिमा के साथ हुई बातचीत ने मुझे भाग्यराज की याद दिला दी और उनके साथ बिताए समय को एक बार फिर मेरे सामने ला दिया।''
राधिका ने सेट पर भाग्यराज के साथ काम करने के दिनों को याद करते हुए कहा, ''हम दोनों ने शूटिंग के दौरान काफी खुशी भरे पल बिताए थे। वह मुझे प्यार से 'पुल्ला' कहकर बुलाते थे। वह सेट पर बैठकर काम को ध्यान से देखते रहते थे। जब भी किसी सीन की तैयारी होती थी, तो वह मुझे अपने सुझाव दिया करते थे। वह मुझसे तेलुगु में बात करते हुए अपने आइडिया शेयर करते थे।''
अभिनेत्री ने कहा, ''भाग्यराज के सुझाव हमेशा शानदार होते थे और उनके साथ काम करना मेरे लिए बहुत खास अनुभव रहा। उनको सिर्फ एक अभिनेता के तौर पर नहीं बल्कि एक बेहतरीन स्क्रीनप्ले राइटर और डायरेक्टर के तौर पर भी याद किया जाएगा। उनकी कमी हमेशा महसूस होगी और सेट पर उनके साथ बिताए समय की यादें मेरे लिए बेहद कीमती हैं।''
राधिका ने फिल्म की सफलता के बीच दर्शकों से 'हाय' देखने की अपील भी की। उन्होंने कहा, ''सभी को इस फिल्म को जरूर देखना चाहिए। मैं खुद भी फिल्म देखना चाहती हूं, लेकिन फिलहाल भावनात्मक रूप से तैयार नहीं हूं। पर मैं इस फिल्म को जरूर देखूंगी।''
बता दें कि 'हाय' को 28 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था।
--आईएएनएस
पीके/पीएम