'धुरंधर' की सफलता के बीच अर्जुन रामपाल ने बताया सफलता का राज

Arjun rampal

मुंबई, 30 मार्च (आईएएनएस)। अभिनेता अर्जुन रामपाल इन दिनों अपनी फिल्मों की सफलता का पूरा आनंद ले रहे हैं। उनकी हालिया रिलीज फिल्म ‘धुरंधर 2’ में उनके अभिनय को काफी पसंद किया जा रहा है और ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हिट है। सफलता के इस पल में अर्जुन ने अपने लंबे फिल्मी सफर पर नजर डाली और प्रशंसकों के लिए खास पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने सपने सच होने का राज भी बताया।

अर्जुन रामपाल ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावुक वीडियो मोंटाज पोस्ट किया, जिसमें बचपन में काउबॉय का रोल निभाने से लेकर पहली फिल्म ‘मोक्ष’ और अब ‘धुरंधर’ तक का पूरा सफर दिखाया गया है।

फैंस का शुक्रिया अदा करते हुए अर्जुन ने लिखा, “बचपन में काउबॉय बनने से लेकर मोक्ष और अब धुरंधर, धुरंधर 2 तक... मैं बहुत खुशनसीब हूं कि इस सफर में इतने सारे लोग मेरे साथ रहे। मेरे प्यारे प्रशंसक, परिवार, दोस्त आप सभी का शुक्रिया।”

उन्होंने ‘धुरंधर’ टीम को भी धन्यवाद दिया और खासतौर पर रणवीर सिंह को ‘बब्बर शेर’ कहकर मेंशन किया। अर्जुन ने आदित्य धर, विक्रम, ओजस गौतम, संजय दत्त, आर. माधवन, राकेश बेदी और अन्य कलाकारों का भी नाम लिया।

पोस्ट में अर्जुन रामपाल ने सफलता का राज बताते हुए कहा, “मैं बहुत ज्यादा खुश हूं। मेरा मानना है कि एक दिन सपने जरूर सच होते हैं। सब्र, लगन और जुनून इन तीनों पर टिके रहें तो सपने जरूर पूरे होते हैं।”

‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्में हैं। इसमें रणवीर सिंह अंडर कवर भारतीय इंटेलिजेंस एजेंट हमजा के रोल में हैं। फिल्म कराची के आपराधिक गिरोहों और पाकिस्तानी राजनीतिक हलकों में घुसपैठ की कहानी दिखाती है। फिल्म में अर्जुन रामपाल, रणवीर सिंह के अलावा, संजय दत्त, आर. माधवन, सारा अर्जुन, राकेश बेदी और अन्य कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं।

--आईएएनएस

एमटी/एबीएम