'यात्रीगण, कृपया ध्यान दें...' अगले आदेश तक 17 मेट्रो स्टेशन बंद, डीएमआरसी ने जारी की एडवाइजरी

दिल्ली में अगले आदेश तक बंद रहेंगे 17 मेट्रो स्टेशन, डीएमआरसी ने जारी की एडवाइजरी

नई दिल्ली, 23 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आंदोलन को देखते हुए पुलिस अलर्ट मोड पर है। सीजेपी के प्रदर्शन का असर दिल्ली-एनसीआर की लाइफलाइन कही जाने वाली दिल्ली मेट्रो पर दिखाई दे रहा है। इसी बीच, मेट्रो के कई स्टेशन को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने गुरुवार को यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण ट्रेवल एडवाइजरी जारी करते हुए बताया, "24 जुलाई (शुक्रवार) सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक राजधानी के कई प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास सेवाएं बंद रहेंगी। हालांकि, कुछ प्रमुख इंटरचेंज स्टेशनों पर यात्रियों को लाइन बदलने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।"

डीएमआरसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक आधिकारिक पोस्ट में कहा, "सुरक्षा और परिचालन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। यात्रियों से यात्रा की योजना पहले से बनाने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है।"

डीएमआरसी के अनुसार, जिन मेट्रो स्टेशनों को सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक बंद रखा जाएगा, उनमें लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान शामिल हैं।"

डीएमआरसी ने पोस्ट में यह भी स्पष्ट किया है कि राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर यात्रियों के लिए इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इन स्टेशनों पर यात्री मेट्रो लाइन बदल सकेंगे, लेकिन स्टेशन से बाहर निकलने या अंदर प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।

इससे पहले बुधवार को भी सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखा गया था। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा दी गई थी।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बताया था कि अगले आदेश तक लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरियट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे।

--आईएएनएस

पीएसके/एबीएम