दिल्ली के इस हॉस्पिटल में नौकरी का मौका, 25 पदों के लिए तुरंत करें आवेदन, 17 जून अंतिम तिथि

दिल्ली के इस हॉस्पिटल में नौकरी का मौका: 25 पदों के लिए तुरंत करें आवेदन, 17 जून अंतिम तिथि

नई दिल्ली, 12 जून (आईएएनएस)। जनकपुरी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल (जेएसएसएच), नई दिल्ली ने अलग-अलग स्पेशलिटी में फैकल्टी और स्पेशलिस्ट ग्रेड-III के विभिन्न 25 पदों को 89 दिनों के लिए एड-हॉक आधार पर भरने के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके पात्र और इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।

जेएसएसएच की ओर से जारी 25 रिक्तियों में प्रोफेसर के 6, एसोसिएट प्रोफेसर के 4, असिस्टेंट प्रोफेसर के 4 और स्पेशलिस्ट ग्रेड-III के 11 पद शामिल हैं। वहीं, स्पेशलिटी के अनुसार प्रोफेसर के 6 पद - कार्डियोलॉजी, एनेस्थीसिया, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और रेडियोलॉजी से 1-1; एसोसिएट प्रोफेसर के 4 पद - गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, न्यूरोलॉजी और रेडियोलॉजी से 1-1; असिस्टेंट प्रोफेसर के 4 पद - एनेस्थीसिया, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और रेडियोलॉजी से 1-1; स्पेशलिस्ट ग्रेड-III के 11 पद - कार्डियोलॉजी, सीटीवीएस, न्यूरोलॉजी और न्यूरोसर्जरी से 2-2 एवं न्यूक्लियर मेडिसिन, ऑन्कोलॉजी व रेडियोलॉजी से 1-1 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 10 जून से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 17 जून तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय अंतिम तिथि के शाम 4 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म निर्धारित केंद्र पर पहुंचाने की सलाह दी जाती है।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास भर्ती नियमों के अनुसार मेडिकल योग्यताओं के साथ ही विशिष्ट पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री और प्रासंगिक क्षेत्र में तय वर्षों का अनुभव एवं अन्य निर्धारित पात्रता व कौशल का होना भी अनिवार्य है। आवेदकों की अधिकतम आयु पोस्ट अनुसार, 45 से 60 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू आदि के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 67,700 से 3,05,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को स्पेशलिस्ट ग्रेड-III पद के लिए अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा, जो अनारक्षित (यूआर) के लिए 1,000 रुपए और ओबीसी/एससी/एसटी के लिए 500 रुपए तय किया गया है। आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले जेएसएसएच के ऑफिशियल पोर्टल पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पदों के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें।

इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालने के बाद उसे 'निदेशक, प्रशासनिक ब्लॉक, पहली मंजिल, जनकपुरी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, सी-2बी, जनकपुरी, नई दिल्ली - 110058' के पते पर भेज दें।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम