नई दिल्ली, 21 जुलाई (आईएएनएस)। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का आयोजन 23 जुलाई से 2 अगस्त के बीच ग्लासगो (स्कॉटलैंड) में होगा। यह शहर दूसरी बार इन खेलों की मेजबानी करने जा रहा है। इससे पहले साल 2014 में भी ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन कर चुका है। पिछली बार 14 वेन्यू पर 17 खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ था, लेकिन इस बार सिर्फ 4 वेन्यू पर 10 खेल आयोजित होंगे। आइए, इन वेन्यू के बारे में विस्तार से जानते हैं।
ग्लासगो इंटरनेशनल एरिना: ग्लासगो के ईस्ट एंड में डालमार्नॉक एरिया में स्थित इस परिसर का उद्घाटन अक्टूबर 2012 में हुआ था। इस खेल परिसर में एक बहुउद्देश्यीय ग्लासगो एरिना है, जिसके साथ 'सर क्रिस होय वेलोड्रोम' मौजूद है, जो स्कॉटलैंड के सफलतम ओलंपियन सर क्रिस होय के नाम पर रखा गया है, जिन्होंने अपने ट्रैक साइकिलिंग करियर में 6 ओलंपिक गोल्ड, 11 विश्व खिताब और 2 कॉमनवेल्थ गेम्स गोल्ड जीते थे।
यहां मुख्य एरिना में 24-28 जुलाई के बीच जिमनास्टिक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिसके बाद सर क्रिस होय वेलोड्रोम में 30 जुलाई से 2 अगस्त के बीच साइकिलिंग प्रतियोगिताएं होंगी।
स्कॉटिश इवेंट कैंपस: यह कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का सबसे अहम केंद्र होगा, जिसके तीन प्रमुख हिस्सों 'द हाइड्रो', 'एसईसी आर्माडिलो' और 'एसईसी सेंटर' में 6 खेल प्रतियोगिताओं (3x3 बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, जूडो, बॉल्स, वेटलिफ्टिंग, 3x3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल, पैरा बॉल्स, पैरा पावरलिफ्टिंग) का आयोजन होगा।
क्लाइड नदी के उत्तरी तट पर स्थित स्कॉटिश इवेंट कैंपस की शुरुआत साल 1985 में स्कॉटिश एग्जीबिशन एंड कॉन्फ्रेंस सेंटर के रूप में हुई थी, जिसके बाद एसईसी आर्माडिलो और द हाइड्रो को इसके साथ जोड़ा गया।
14,000 दर्शकों की श्रमता वाले 'द हाइड्रो' का उद्घाटन साल 2013 में हुआ था। इस कॉमनवेल्थ गेम्स में यहां नेटबॉल का आयोजन होगा। इस वेन्यू ने आर्टिस्टिक जिमनास्टिक प्रतियोगिताओं के साथ बड़े-बड़े संगीत कार्यक्रमों की मेजबानी भी की है।
दूसरी तरफ, साल 1997 में शुरू हुआ 'एसईसी आर्माडिलो' अपनी घुमावदार एल्युमिनियम छत के लिए मशहूर है। इस कॉमनवेल्थ गेम्स में यहां वेटलिफ्टिंग और पैरा पावरलिफ्टिंग का आयोजन होगा। यहां 3,000 लोगों के बैठने की क्षमता है।
वहीं, 241,000 वर्ग फुट में मौजूद 'एसईसी सेंटर' 3x3 बास्केटबॉल, 3x3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल, बॉल्स, पैरा बॉल्स, बॉक्सिंग और जूडो की मेजबानी को तैयार है। इसे पहले, 'एसईसीसी' के नाम से जाना जाता था।
स्कॉटस्टाउन स्टेडियम: ग्लासगो के पश्चिमी हिस्से में स्थित स्कॉटस्टाउन स्टेडियम की शुरुआत साल 1915 में 'स्कॉटस्टाउन शोग्राउंड्स' के तौर पर हुई थी। साल 2008 से 2010 के बीच इसका पुनर्विकास किया गया। यहां एथलेटिक्स और पैरा-एथलेटिक्स खेलों का आयोजन होगा।
टोलक्रॉस इंटरनेशनल स्विमिंग सेंटर: यूनाइटेड किंगडम के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय स्विमिंग वेन्यू में अपनी पहचान बना चुके इस एक्वाटिक सेंटर की शुरुआत साल 1997 में हुई थी। यहां तैराकों के वार्म-अप और ट्रेनिंग के लिए अतिरिक्त स्विमिंग पूल की व्यवस्था भी है।
--आईएएनएस
आरएसजी