लंदन, 3 मई (आईएएनएस)। विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट अपनी बाईं पिंडली में मामूली खिंचाव के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज से बाहर हो गई हैं। उप-कप्तान और ऑफ-स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर चार्ली डीन वनडे सीरीज के दौरान टीम की कप्तानी करेंगी। इस बीच, मैया बाउचियर को बैटिंग कवर के तौर पर टीम में बुलाया गया है।
इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने रविवार को अपने बयान में कहा, "इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट को न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मुकाबलों की मेट्रो बैंक वनडे सीरीज से एहतियाती कदम के तौर पर बाहर कर दिया गया है। उन्हें यह चोट 29 अप्रैल को वारविकशायर के खिलाफ 'द ब्लेज' टीम के लिए खेलते समय बाईं पिंडली में मामूली खिंचाव के रूप में लगी थी।"
इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का पहला मैच 10 मई को चेस्टर-ली-स्ट्रीट पर खेला जाएगा, जिसके बाद 13 मई को दोनों टीमें नॉर्थम्प्टन में सीरीज का दूसरा मुकाबला खेलेंगी। सीरीज का अंतिम मैच 16 मई को कार्डिफ में आयोजित होगा। इसके बाद 20-25 मई के बीच तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज भी खेली जाएंगी।
ईसीबी ने यह भी बताया कि नैट साइवर-ब्रंट ने घरेलू मैच में पूरी तरह हिस्सा लिया था, लेकिन बाद में उन्हें अपनी पिंडली में कुछ परेशानी महसूस हुई। शनिवार को कराए गए स्कैन से चोट की गंभीरता का पता चला। ईसीबी ने कहा, "मैच खत्म होने के बाद 'द ब्लेज' की मेडिकल टीम ने हमें इस समस्या के बारे में सूचित किया। इसके परिणामस्वरूप, ब्रिटिश सेना के साथ आयोजित किए गए बाद के लीडरशिप प्रोग्राम के दौरान उन्होंने किसी भी शारीरिक गतिविधि में हिस्सा नहीं लिया। डॉक्टर्स ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है। आने वाले दिनों में उनकी चोट का आगे और आकलन किया जाएगा।"
12 जून से 5 जुलाई के बीच इंग्लैंड में विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन होगा, जिससे पहले न्यूजीलैंड और भारत के खिलाफ होने वाले आगामी टी20 मुकाबलों में नैट साइवर-ब्रंट की उपलब्धता पर फैसला लिया जाएगा।
ईसीबी के एक प्रवक्ता ने कहा, "वर्ल्ड कप से पहले न्यूजीलैंड और भारत के खिलाफ होने वाले वाइटैलिटी आईटी20 मुकाबलों में साइवर-ब्रंट की उपलब्धता पर फैसला इस एहतियाती निर्णय के बाद उचित समय पर लिया जाएगा। साइवर-ब्रंट को कितने समय तक आराम करना होगा, यह उनकी चोट के आकलन के बाद ही तय किया जाएगा।"
--आईएएनएस
आरएसजी