नई दिल्ली, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। पाकिस्तान में ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर को लेकर हुई वार्ता का कोई नतीजा नहीं निकला। हालांकि, चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने इस बातचीत को तनाव कम करने की दिशा में सकारात्मक कदम बताया। चीन ने दोनों पक्षों के बीच सीजफायर जारी रहने की उम्मीद जताई।
चीनी विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "इस्लामाबाद में अमेरिका-ईरान बातचीत तनाव कम करने की दिशा में एक कदम था। चीन को उम्मीद है कि सीजफायर जारी रहेगा, युद्ध की आग को फिर से भड़काने के बजाय झगड़ों को राजनीतिक और कूटनीतिक तरीकों से सुलझाया जाएगा और गल्फ में शांति की जल्द वापसी के लिए हालात बनाए जाएंगे।"
इसके साथ ही चीन ने पीटर मग्यार और उनकी टिस्जा पार्टी को हंगरी के संसदीय चुनावों में निर्णायक जीत पर बधाई दी। चीनी विदेश मंत्रालय ने लिखा, "चीन ने पीटर मग्यार की टिस्जा पार्टी को हंगरी में चुनाव में जीत पर बधाई देती है। चीन हंगरी के साथ अपने संबंधों को बहुत महत्व देता है और नई हंगरी सरकार के साथ आपसी सम्मान, बराबरी और आपसी फायदे के आधार पर काम करने के लिए तैयार है ताकि उच्चस्तरीय बातचीत और आपसी राजनीतिक भरोसा बढ़ाया जा सके, व्यवहारिक सहयोग और लोगों के बीच मेलजोल बढ़ाया जाए और दोनों देशों के लोगों को ज्यादा फायदे पहुंचाए जा सकें।"
ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर गालिबफ ने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका के लिए मौजूदा स्थिति से निकलने का एकमात्र तरीका यह है कि वह अपना निर्णय ले और ईरानी राष्ट्र का विश्वास हासिल करे।
उन्होंने यह टिप्पणी पाकिस्तान की अपनी यात्रा से ईरान लौटते समय पत्रकारों को संबोधित करते हुए की, जहां उन्होंने अपने साथ आए प्रतिनिधिमंडल के साथ अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के साथ शांति वार्ता में भाग लिया था।
गालिबफ ने कहा,“अगर वे लड़ेंगे, तो हम भी लड़ेंगे और अगर वे तर्क के साथ आगे आते हैं, तो हम तर्क से जवाब देंगे। हम किसी भी धमकी के सामने झुकेंगे नहीं। वे हमारी इच्छाशक्ति को एक बार फिर परख सकते हैं और हम उन्हें और बड़ा सबक सिखाएंगे।”
--आईएएनएस
केके/वीसी