छत्तीसगढ़ : मोदी सरकार की योजनाओं से बदली वनांचल की तस्वीर, लाभार्थी ने बताया- 12 साल का कार्यकाल बेमिसाल

छत्तीसगढ़: मोदी सरकार की योजनाओं से बदली वनांचल की तस्वीर, लाभार्थी बोले-12 साल के कार्यकाल में मिला योजनाओं का लाभ

मोहला-मानपुर, 26 मई (आईएएनएस)। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीणों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। कभी बारिश में टपकती छत, कच्चे मकानों की परेशानी और मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझने वाले वनांचल जिला मोहला-मानपुर के ग्रामीणों की जिंदगी अब बदलती नजर आ रही है।

हितग्राहियों का कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने उन्हें पक्की छत दी, तो वहीं उज्ज्वला योजना, शौचालय निर्माण और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं ने जीवन स्तर को बेहतर बनाया है। ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि बीते वर्षों में सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ गांव-गांव तक पहुंचा है।

मोहला-मानपुर के वनांचल क्षेत्र में कई ऐसे परिवार हैं, जिनकी जिंदगी प्रधानमंत्री आवास योजना से पूरी तरह बदल गई है। कभी मिट्टी और खपरैल के कच्चे मकानों में रहने वाले ग्रामीण अब पक्के घरों में सुरक्षित जीवन जी रहे हैं। हितग्राहियों का कहना है कि पहले बारिश के मौसम में घरों में पानी टपकता था, रातभर जागकर समय बिताना पड़ता था, लेकिन अब पक्के मकान मिलने से परिवार सुरक्षित और खुशहाल हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उन्हें लगातार मिल रहा है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से गैस कनेक्शन मिला, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय बना और आवास योजना से सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिला है। हितग्राहियों का कहना है कि सरकार की योजनाओं ने गांवों में विकास की नई तस्वीर पेश की है।

ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत देश को विश्व स्तर पर नई पहचान मिली है। लोगों का कहना है कि सरकार की योजनाएं सीधे जरूरतमंदों तक पहुंच रही हैं, जिससे ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में भी विकास की रोशनी दिखाई दे रही है।

लाभार्थी महिला ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान बताया कि पहले मेरा घर जर्जर था। पीएम आवास योजना का लाभ मिलने से अब मकान पक्‍का बन गया है। सरकार की तरफ से कई योजनाएं गरीबों के लिए बनाई गई हैं। पहले योजनाओं के बारे में जानकारी नहीं हो पाती थी, लेकिन अब घर बैठे सब काम हो जा रहा है। कल्‍याणकारी योजनाओं के लिए पीएम मोदी को बहुत धन्‍यवाद। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के 12 साल के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि वह गरीबों के साथी बने हैं।

पीएम आवास योजना के लाभार्थी प्रमोद यादव ने बताया कि पहले कच्चे घर में रहता था। बारिश के मौसम में पानी टपकता था। लेकिन, केंद्र सरकार की योजना से पक्‍का मकान मिला है, यह बहुत अच्‍छी योजना है। पीएम आवास योजना, महतारी योजना, उज्ज्वला योजना और शौचालय निर्माण जैसी कल्‍याणकारी योजनाओं से गरीब लोगों को बहुत लाभ मिल रहा है।

--आईएएनएस

एएसएच/एबीएम