नई दिल्ली, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। बैंकिंग सेक्टर में नौकरी तलाश रहे युवाओं के लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने मानव संपदा प्रबंधन (भर्ती एवं पदोन्नति) केंद्रीय कार्यालय में जोखिम प्रबंधन, वित्त एवं लेखा और ऋण में विशेषज्ञ श्रेणी में सहायक महाप्रबंधक (असिस्टेंट जनरल मैनेजर- स्केल V) के विभिन्न 15 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने असिस्टेंट जनरल मैनेजर (एजीएम) के जिन 15 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं, उनमें जोखिम प्रबंधन (रिस्क मैनेजमेंट) के 2, कंप्लायंस (अनुपालन)/जोखिम प्रबंधन के 1, परिसंपत्ति देयता प्रबंधन (एसेट लायबिलिटी मैनेजमेंट) के 1, डिजिटल जोखिम और विश्लेषण (डिजिटल रिस्क एंड एनालिटिक्स) के 1, फाइनेंस और अकाउंट्स (वित्त एवं लेखा) के 5, और क्रेडिट ऑफिसर (ऋण अधिकारी) के 5 पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 17 मई तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय लास्ट डेट तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
जोखिम प्रबंधन और अनुपालन/जोखिम प्रबंधन पद के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों के पास सांख्यिकी या अर्थशास्त्र में पूर्णकालिक बीएससी/विश्लेषणात्मक क्षेत्र (सांख्यिकी, अनुप्रयुक्त गणित और संचालन अनुसंधान/डेटा विज्ञान) में ग्रेजुएशन की डिग्री या पूर्णकालिक एमबीए वित्त या बैंकिंग या व्यवसाय प्रबंधन में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा (पीजीडीबीएम)/जोखिम प्रबंधन में एकीकृत पोस्ट-ग्रेजुएट डिप्लोमा (आईपीजीडी-जोखिम प्रबंधन) या इसके समकक्ष एआईसीटीई/यूजीसी से मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय/कॉलेज से न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ होनी चाहिए।
परिसंपत्ति देयता प्रबंधन पद के लिए अभ्यर्थियों के पास बीई/बीटेक या बिजनेस मैनेजमेंट में पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री/डिप्लोमा/बैंकिंग/वित्त/चार्टर्ड अकाउंटेंट में, डिजिटल जोखिम और विश्लेषण पद के लिए गणित/सांख्यिकी में ग्रेजुएशन की डिग्री या डेटा साइंस/आईटी/कंप्यूटर साइंस/सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग में पूर्णकालिक बीई/बीटेक होनी चाहिए।
वित्त एवं लेखा पद के लिए कैंडिडेट्स के पास ग्रेजुएशन की डिग्री और आईसीएआई द्वारा आयोजित अंतिम परीक्षा उत्तीर्ण होने का प्रमाण और भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान के सदस्य के रूप में पंजीकरण होना चाहिए। वहीं, ऋण अधिकारी पद के लिए अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय/संस्थान/बोर्ड से चार्टर्ड अकाउंटेंट/चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट/सीएमए-आईसीडब्ल्यूए या बैंकिंग/वित्त/क्रेडिट से संबंधित किसी भी क्षेत्र में दो वर्षीय पूर्णकालिक पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास सभी रिक्त पदों के लिए अन्य निर्धारित पात्रता, कौशल और तय सालों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 33 वर्ष और अधिकतम आयु 45 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 31 मार्च के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन लिखित परीक्षा, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 1,20,940 से 1,35,020 रुपए के बीच प्रति माह होगी। वहीं, ऑनलाइन टेस्ट और इंटरव्यू जून में आयोजित होने की संभावना है।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्लूएस के लिए 850 रुपए और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/दिव्यांगजन और महिला उम्मीदवार के लिए 175 रुपए तय किया गया है।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें।
सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र की एक कॉपी भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम