सीए फाइनल मई 2026 रिजल्ट: नूर सिंगला बने ऑल इंडिया टॉपर, पंजाब के सीएम मान ने दी बधाई

सीए फाइनल मई 2026 रिजल्ट: नूर सिंगला ने रैंक-1 हासिल कर किया टॉप, सीएम  मान ने दी बधाई

चंडीगढ़, 18 जून (आईएएनएस)। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) ने गुरुवार को चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) फाइनल मई 2026 का परिणाम आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया। इस वर्ष सीए फाइनल मई की परीक्षा में पंजाब के पटियाला के नूर सिंगला ने 600 में से 499 अंक हासिल करके ऑल इंडिया रैंक 1 प्राप्त किया है। उन्होंने परीक्षा में शानदार प्रदर्शन और 83.17 प्रतिशत अंक की बदौलत पूरे देश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।

सीए फाइनल मई की परीक्षा के परिणाम घोषित होने के बाद नूर सिंगला ने आईएएनएस से बात करते हुए अपनी खुशी जाहिर की और कहा कि इस रैंक को हासिल करने के लिए मैंने अपना सबकुछ न्योछावर कर दिया। उन्होंने बताया कि मेरा शुरू से ही फोकस था कि मैं टॉप रैंक हासिल करूं। इसके लिए मैंने और मेरे परिवार वालों ने कई त्याग किए हैं।

नूर ने अपने पढ़ाई शेड्यूल के बारे में बात करते हुए कहा कि वो प्रतिदिन कम से कम 10 घंटे रोजाना पढ़ाई किया करते थे। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय खुद की मेहनत के साथ-साथ परिवारवालों के सहयोग और हर कदम पर उनके समर्थन को दिया।

उन्होंने परिणाम जारी होने के बाद के माहौल के बारे में बात करते हुए बताया कि रैंक 1 आना मेरे और मेरे परिवार के लिए एक बहुत ही भावुक क्षण था, जिससे परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई और वर्षों की मेहनत, संघर्ष और त्याग का परिणाम मिल गया। बेटे की इस उपलब्धि पर नूर के माता-पिता की आंखों में खुशी के आंसू और चेहरे पर मुस्कान देखने को मिली।

सीए फाइनल मई की परीक्षा में नूर सिंगला का ऑल इंडिया रैंक 1 लाने पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट के जरिए नूर को इस उपलब्धि की बढ़ाई दी। उन्होंने लिखा, "पटियाला के टैलेंटेड युवा नूर सिंगला को चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) फाइनल एग्जाम 2026 में ऑल इंडिया फर्स्ट रैंक (एआईआर 1) हासिल करने पर बधाई।"

उन्होंने लिखा, "इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) के ऑफिशियली घोषित रिजल्ट में नूर ने 600 में से शानदार 499 मार्क्स हासिल करके टॉप किया है। नूर ने पहले सीए इंटरमीडिएट एग्जाम में ऑल इंडिया सेकंड रैंक (एआईआर 2) हासिल की थी और अब सीए फाइनल एग्जाम में एआईआर 1 हासिल करके अपने एकेडमिक करियर में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। टैलेंटेड नूर सिंगला और उनके परिवार को, जिन्होंने पूरे पंजाब को इस ऐतिहासिक कामयाबी पर गर्व महसूस कराया है, लाखों बधाई।"

--आईएएनएस

डीके/एबीएम