बीकानेर, सरायकेला और कर्नाटक में अलग-अलग अंदाज में मनाया गया पीएम मोदी का 75वां जन्मदिवस

बीकानेर, सरायकेला और कर्नाटक में अलग-अलग अंदाज में मनाया गया पीएम मोदी का 75वां जन्मदिवस

नई दिल्ली, 17 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर बीकानेर में सेवा और सद्भाव का अद्भुत माहौल देखने को मिला। यहां पूर्व यूआईटी चेयरमैन महावीर रांका द्वारा आमजन के लिए केसरयुक्त दूध का वितरण किया गया। इस आयोजन में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने भी शिरकत की।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, "प्रधानमंत्री के जन्मदिन के उपलक्ष्य में बीकानेर में कई प्रकार के सेवा कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। कोई दूध बांट रहा है, कोई फल वितरित कर रहा है, तो कोई दिव्यांगजनों की सेवा में जुटा है। ये सेवा कार्य ही सच्चे अर्थों में प्रधानमंत्री को समर्पित हैं।"

वहीं, झारखंड के सरायकेला में आदिवासी महिलाओं ने पारंपरिक और उल्लासपूर्ण तरीके से प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन मनाया। टाउन हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में सांवता सुशार अखाड़ा की महिला समिति ने हिस्सा लिया। हजारों आदिवासी महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। बच्चियों ने केक काटा, लड्डू बांटे और पूरे उत्साह के साथ जश्न मनाया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने पीएम मोदी को आदिवासी समाज का सबसे बड़ा हितैषी बताया। उन्होंने कहा, "वर्ष 2014 में जनजातीय मामलों का बजट जहां 4,295 करोड़ रुपए था, वह अब 2025 तक बढ़कर 14,926 करोड़ रुपए हो गया है। यह ऐतिहासिक बढ़ोतरी आदिवासी कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।"

उन्होंने बताया कि झारखंड में 92 एकलव्य मॉडल स्कूलों की स्वीकृति मिल चुकी है, जिनमें से 51 स्कूलों में पढ़ाई शुरू हो चुकी है। पीएम जनमन योजना के अंतर्गत अब तक 1,04,688 मकान बनाए गए और 7,202 गांवों तक पाइपलाइन से पानी पहुंचाया गया है।

पूर्व सीएम ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने आदिवासी सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा समेत कई अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर कर्नाटक भाजपा ने भी श्रद्धा और समर्पण का प्रदर्शन किया। बेंगलुरु स्थित प्राचीन काडू मल्लेश्वर मंदिर में विशेष पूजन समारोह का आयोजन किया गया।

पार्टी नेताओं ने पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री की लंबी उम्र और सफल कार्यकाल की कामना की, ताकि 2047 तक विकसित भारत का सपना साकार हो सके।

--आईएएनएस

वीकेयू/डीकेपी