शेखपुरा, 17 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के तहत शेखपुरा जिले के बरबीघा में स्थापित बेसन लड्डू निर्माण यूनिट स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन का सफल उदाहरण बनकर उभरी है।
इस यूनिट का संचालन लाभार्थी शशि कुमार द्वारा किया जा रहा है, जिन्होंने बैंक ऋण के माध्यम से अपने उद्यम की शुरुआत की और आज कई लोगों को रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं।
शशि कुमार को बैंक मैनेजर ने उद्योग विभाग की एक महत्वाकांक्षी योजना पीएमएफएमई योजना के बारे में जानकारी दी। बताया गया कि इस योजना के तहत खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े छोटे उद्यमियों को आर्थिक सहायता, प्रशिक्षण और सब्सिडी दी जाती है।
शशि कुमार ने उद्योग विभाग के कार्यालय जाकर योजना की पूरी जानकारी ली और आवेदन किया। स्वीकृति मिलने के बाद उन्होंने बेसन का लड्डू बनाने वाली मशीन खरीदी और घर से ही व्यवसाय की शुरुआत की।
उनके लिए शुरुआत आसान नहीं थी। पहले उन्होंने स्थानीय बाजार में अपने उत्पाद को पहचान दिलाने पर ध्यान दिया। गुणवत्ता और स्वाद को प्राथमिकता दी। धीरे-धीरे उनके बेसन के लड्डू की मांग बढ़ने लगी।
आज उनका उत्पाद शेखपुरा जिले के अलावा लखीसराय, मुंगेर, भागलपुर, नवादा और नालंदा जिलों तक भेजा जा रहा है। त्योहारों और शादियों के मौसम में तो ऑर्डर की बाढ़ आ जाती है। स्थानीय दुकानदार भी अब उनके नियमित ग्राहक बन चुके हैं।
शशि कुमार ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि उन्हें पीएमएफएमई योजना का लाभ बैंक के माध्यम से मिला। उन्होंने कहा कि इस योजना की मदद से बेसन के लड्डू बनाने की यूनिट स्थापित की और वर्तमान में पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं को भी रोजगार दे रहे हैं।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस योजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाएं। शशि कुमार ने कहा कि योजना से उन्हें आर्थिक मजबूती मिली है और वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।
शशि कुमार के भाई आशीष कुमार ने बताया कि यूनिट स्थापित करने के लिए आवश्यक मशीनरी की कीमत अधिक थी, जिसके कारण बैंक से ऋण लेना जरूरी हो गया। उद्योग विभाग ने योजना की पूरी जानकारी दी और लोन प्रक्रिया में सहयोग किया, जिससे आसानी से ऋण स्वीकृत हो गया। वर्तमान में उनका कारोबार अच्छा चल रहा है और स्थानीय स्तर पर लोगों को रोजगार भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिला उद्योग विभाग, शेखपुरा के महाप्रबंधक सुजात ने बताया कि बरबीघा में पीएमएफएमई योजना के तहत यह बेसन लड्डू निर्माण यूनिट स्थापित की गई है। शशि कुमार को उद्यम की जानकारी पहले से थी और विभाग ने उन्हें बैंक से ऋण दिलाने में सहायता की, जिसके बाद यूनिट की शुरुआत हुई। इस इकाई में अधिकांश महिलाएं कार्यरत हैं और मांग बढ़ने पर अतिरिक्त श्रमिकों को भी काम दिया जाता है। यह यूनिट जिले के लिए रोल मॉडल साबित हो रही है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल से बाहर पलायन कर चुके लोग भी वापस लौट रहे हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं और पलायन में कमी आ रही है। विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाकर आत्मनिर्भर बनाया जाए।
--आईएएनएस
एएसएच/एबीएम