संभल, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर जहां कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने राजद के साथ मुकाबले को 'फ्रेंडली फाइट' बताया है, वहीं कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने नेता प्रतिपक्ष के बयान पर तीखा प्रहार किया है।
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि बिहार में कांग्रेस और राजद का गठबंधन टूट चुका है, उसमें पलीता लग चुका है। कोई भी लड़ाई फ्रेंडली नहीं होती, और जहां फ्रेंडली होती है, वहां लड़ाई नहीं होती। राहुल गांधी का यह 'फ्रेंडली फाइट' वाला फॉर्मूला पूरी तरह फेल साबित हुआ है।
उन्होंने कहा कि इसी 'फ्रेंडली फाइट' के चक्कर में कांग्रेस एक–एक कर राज्यों से मिटती चली गई। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस खत्म हुई, बिहार में खत्म हुई, ओडिशा में खत्म हुई और दिल्ली में भी कांग्रेस का नामोनिशान नहीं बचा। राहुल गांधी के इस 'फ्रेंडली फाइट' वाले कॉन्सेप्ट ने कांग्रेस को हर राज्य में कमजोर कर दिया है।
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने साफ कहा कि बिहार में गठबंधन अब केवल नाम भर का रह गया है। उनके मुताबिक, ''असलियत यह है कि बिहार में गठबंधन टूट चुका है।''
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के उस बयान पर भी आचार्य प्रमोद कृष्णम ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि दीयों पर खर्च करने के बजाय वो पैसा गरीबों पर लगाया जाए।
आचार्य प्रमोद ने कहा कि अखिलेश यादव एक बड़े और समझदार नेता हैं, लेकिन दीपावली के दिन हिंदुओं को चर्च भेजने जैसी बात करना उनकी समझ से परे है। अगर चर्च पर इतना ही ध्यान है और उनकी आस्था है, तो वह स्वयं चर्च चले जाएं। उन्हें हिंदुओं की आस्था और भारतीय संस्कृति पर प्रहार करने का कोई अधिकार नहीं है।
--आईएएनएस
एमएस/एबीएम