सुलभ और किफायती नेत्र चिकित्सा : गौतम अदाणी ने बिहार को दी 'अदाणी अखंड ज्योति आई केयर हॉस्पिटल' की सौगात

सुलभ और किफायती नेत्र चिकित्सा : गौतम अदाणी ने बिहार को दी 'अदाणी अखंड ज्योति आई केयर हॉस्पिटल' की सौगात

नई दिल्ली, 17 मई (आईएएनएस)। अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने बिहार के सारण जिले के दरियापुर प्रखंड स्थित मस्तीचक पहुंचकर राज्य के स्वास्थ्य और औद्योगिक विकास को लेकर कई बड़े ऐलान किए। इस दौरान उन्होंने 'अदाणी अखंड ज्योति आई केयर हॉस्पिटल' का उद्घाटन भी किया।

गौतम अदाणी ने 'एक्स' पोस्ट में मस्तीचक की यात्रा को बेहद भावुक और आध्यात्मिक अनुभव बताया। उन्होंने लिखा, "आज बिहार की पवित्र धरती मस्तीचक आकर मन गर्व, भावनाओं और आत्मीयता से भर गया। गायत्री शक्तिपीठ पहुंचकर एक अलग ऊर्जा और आध्यात्मिक प्रेरणा का अनुभव हुआ। किसी व्यक्ति की आंखों की रोशनी लौटाना केवल इलाज नहीं होता… यह उसके जीवन में फिर से उम्मीद, आत्मविश्वास और सम्मान लौटाने का पुण्य काम है। गायत्री परिवार, अखंड ज्योति और आदरणीय मृत्युंजय जी जिस सेवा-भाव से समाज को नई दिशा दे रहे हैं, उसने मुझे भीतर तक प्रभावित किया है। उनके इस असाधारण कार्य के लिए उन्हें हृदय से साधुवाद एवं शुभकामनाएं।"

गौतम अदाणी ने आगे लिखा, "हमारे लिए 'सेवा ही साधना है' कोई नारा नहीं, बल्कि करुणा को कर्म में बदलने की प्रेरणा है। अखंड ज्योति फाउंडेशन भी इसी विचार को समाज सेवा के माध्यम से जीवंत कर रहा है। इसी भावना के साथ अदाणी फाउंडेशन और अखंड ज्योति अस्पताल के साथ मिलकर 'एसीई - अदाणी नेत्र रोग केंद्र' की शुरुआत करने जा रहे हैं, जो जरूरतमंद लोगों तक सुलभ और किफायती नेत्र चिकित्सा पहुंचाने का एक बड़ा प्रयास होगा।"

उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, "साथ ही 'एटीओएम - नेत्र चिकित्सा के लिए अदाणी प्रशिक्षण केंद्र' के माध्यम से नई पीढ़ी के नेत्र विशेषज्ञों और महिला स्वास्थ्यकर्मियों को तैयार किया जाएगा। हमने बिहार की इस पावन धरती से प्रारंभ हुई सेवा की इस ज्योति को आने वाले वर्षों में देश के हर जरूरतमंद तक पहुंचाने का प्रण लिया है। इसी भावना के साथ 'अदाणी अखंड ज्योति ट्रस्ट' पूर्ण समर्पण, संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य करता रहेगा। सेवा और मानवता के इन पावन कार्यों हेतु हमने आने वाले वर्षों में 700 करोड़ रुपए से अधिक के सहयोग का संकल्प लिया है। बिहार हमेशा से राष्ट्र को नई चेतना देने वाली धरती रही है। यह पुनीत मुहिम उसी सेवा भावना, संस्कार और समर्पण के माध्यम से देश को नई रोशनी देने का प्रयास है। बिहार की जनता के स्नेह और आशीर्वाद के लिए हृदय से आभार।"

सारण में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गौतम अदाणी ने बिहार के विकास पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि बिहार में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की बड़ी जरूरत है। हर घर तक 24 घंटे सस्ती और भरोसेमंद बिजली पहुंचनी चाहिए। साथ ही बेहतर सड़कें, आधुनिक सुविधाएं और औद्योगीकरण भी बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि बिहार जिस विकास के दौर से गुजर रहा है, उसका पूरा लाभ राज्य के लोगों को मिलना चाहिए।

--आईएएनएस

वीकेयू/एएस