मुंबई, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। मिश्रित वैश्विक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत बुधवार को कमजोरी के साथ हुई। इस दौरान सेंसेक्स 253.99 अंक या 0.32 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 79,019.34 और निफ्टी 105.75 अंक या 0.43 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,470.85 पर खुला।
शुरुआती कारोबार में बाजार पर दबाव बनाने का दाम आईटी सेक्टर कर रहा था। सूचकांकों में निफ्टी आईटी टॉप लूजर था। इसके अलावा, निफ्टी सर्विसेज, निफ्टी प्राइवेट बैंक, निफ्टी हेल्थकेयर, निफ्टी फार्मा, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज, निफ्टी इन्फ्रा और निफ्टी पीएसई भी लाल निशान में थे।
दूसरी तरफ निफ्टी एफएमसीजी, निफ्टी इंडिया डिफेंस, निफ्टी मीडिया, निफ्टी मेटल, निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी रियल्टी हरे निशान में थे।
सेंसेक्स पैक में एचयूएल, एनटीपीसी, ट्रेंट, बजाज फाइनेंस, इटरनल, कोटक महिंद्रा बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व और एसबीआई गेनर्स थे। एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, टीसीएस, आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स, पावर ग्रिड, बीईएल, इंडिगो, एमएंडएम, सन फार्मा, एलएंडटी, टाइटन, एक्सिस बैंक, भारती एयरटेल लूजर्स थे।
मिडकैप और स्मॉलकैप में मिलाजुला कारोबार हो रहा था। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 91 अंक या 0.15 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 59,995 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 38 अंक या 0.21 प्रतिशत की तेजी के साथ 17,679 पर था।
एशियाई बाजारों में मिलाजुला कारोबार हो रहा है। टोक्यो, शंघाई और बैंकॉक हरे निशान में थे, जबकि हांगकांग और सोल लाल निशान में थे। अमेरिकी शेयर बाजार मंगलवार को लाल निशान में बंद हुए थे।
चॉइस ब्रोकिंग में टेक्निकल एनालिस्ट आकाश शाह ने कहा कि निफ्टी 24,550-24,650 के अपने रुकावट के जोन के आसपास कारोबार कर रहा है। ऐसे में इस स्तर पर कंसोलिडेशन और मुनाफावसूली देखने को मिल सकती है। इसके लिए सपोर्ट 24,300–24,200 के पास मौजूद है।
भारतीय शेयर बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को शुद्ध विक्रेता रहे और 1,918.99 करोड़ रुपए की बिकवाली की। घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 2,221.27 करोड़ रुपए की शुद्ध खरीदार थे।
--आईएएनएस
एबीएस/