ढाका, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। बांग्लादेश में भारतीय उच्चायुक्त प्रणय वर्मा ने सोमवार को प्रधानमंत्री तारिक रहमान से शिष्टाचार भेंट की। बांग्लादेश के पीएमओ की तरफ से जारी एक रिलीज में कहा गया कि यह मीटिंग बांग्लादेश सचिवालय में प्रधानमंत्री के दफ्तर में हुई।
दोनों नेताओं ने मुलाकात के दौरान भारत और बांग्लादेश के हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। बांग्लादेश के विदेश मंत्री डॉ. खलीलुर रहमान और प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार हुमायूं कोबीर भी इस दौरान मीटिंग में मौजूद थे।
वहीं बांग्लादेश में भारत के दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस मुलाकात को लेकर कहा, "उच्चायुक्त प्रणय वर्मा ने 6 अप्रैल 2026 को माननीय प्रधानमंत्री तारिक रहमान से शिष्टाचार के साथ मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत-बांग्लादेश की राष्ट्रीय विकास प्राथमिकताओं के साथ जुड़े कई क्षेत्रों में लोगों पर केंद्रित सहयोग पर ध्यान देते हुए द्विपक्षीय बातचीत पर चर्चा की।"
भारतीय दूतावास ने आगे कहा, "उच्चायुक्त ने आपसी हित और आपसी फायदे के आधार पर एक सकारात्मक, रचनात्मक और आगे की सोच वाला नजरिया अपनाकर बांग्लादेश सरकार और लोगों के साथ मिलकर काम करने के भारत के इरादे से अवगत कराया।"
इससे पहले ईद के मौके पर उच्चायुक्त प्रणय वर्मा ने पीएम तारिक रहमान से मुलाकात की थी। बाद में बांग्लादेश में भारतीय उच्चायोग ने जानकारी देते हुए एक्स पर कहा, "उच्चायुक्त प्रणय वर्मा ने ढाका में प्रधानमंत्री महामहिम तारिक रहमान के साथ गर्मजोशी से ईद की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया।"
वहीं, बांग्लादेशी मीडिया द डेली स्टार ने बताया कि भारत ने द्विपक्षीय व्यापार, आर्थिक और निवेश संबंधों को बढ़ाने के लिए बांग्लादेश की नई सरकार के साथ मिलकर काम करने की इच्छा जताई है।
दरअसल, इससे पहले मार्च की शुरुआत में बांग्लादेश में भारतीय उच्चायुक्त प्रणय वर्मा ने ढाका में वाणिज्य मंत्री खंडाकर अब्दुल मुक्तदिर के साथ मुलाकात की। इस दौरान भारतीय हाई कमीश्नर ने दोनों देशों की सरकारों के बीच द्विपक्षीय व्यापार, आर्थिक और निवेश संबंधों समेत अन्य क्षेत्रों में साथ काम करने का जिक्र किया।
--आईएएनएस
केके/एएस