बरेली, 20 मई (आईएएनएस)। भारतीय सेना की ओर से आयोजित की जाने वाली अग्निवीर भर्ती परीक्षा 2026 में उपस्थित होने के लिए जिन उम्मीदवारों ने सफलतापूर्वक रजिस्ट्रेशन किया था, उनके लिए एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। दरअसल, इंडियन आर्मी ने अग्निवीर भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले कैंडिडेट के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं, जिसे अभ्यर्थी संबंधित ज्वाइन इंडियन आर्मी (जेआईए) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर चेक करने के साथ डाउनलोड कर सकते हैं।
भारतीय सेना अग्निवीर भर्ती 2026 के लिए ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) 1 जून से 12 जून के बीच विभिन्न 22 श्रेणियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा देश के 206 शहरों में स्थित 403 केंद्रों पर और अन्य निर्धारित स्थानों पर आयोजित होगी। यह परीक्षा अभ्यर्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिसके सफल एवं सुचारु संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही है।
ऑनलाइन सीईई परीक्षा 2026 में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड 15 मई से संबंधित जेआईए की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए है। ऐसे में परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे समय रहते अपना प्रवेश पत्र ऑफिशियल पोर्टल से डाउनलोड कर लें। इसी के साथ कैंडिडेट्स को सलाह दी जाती है कि वे एग्जाम शुरू होने से पहले सभी संबंधित दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन करें।
वहीं, निदेशक भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें। इसी के साथ परीक्षा के सफल आयोजन हेतु सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
कैंडिडेट्स को परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए जेआईए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है। ध्यान दें, किसी भी कैंडिडेट्स को डाक, ईमेल या अन्य किसी भी माध्यम से एडमिट कार्ड व्यतिगत रूप से नहीं भेजा जाएगा, इसलिए अभ्यर्थी एग्जाम से पहले अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के साथ उसका प्रिंट आउट निकाल लें।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम