भारत की संस्कृति और जीवन मूल्यों से राहुल गांधी का नहीं है वास्ता : शिवराज सिंह चौहान

भारत की संस्कृति और जीवन मूल्यों से राहुल गांधी का नहीं है वास्ता : शिवराज सिंह चौहान

नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। राहुल गांधी की विदेश यात्रा को लेकर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राहुल गांधी बिहार में चुनाव छोड़कर विदेश चले जाते हैं। वे देश में कम और विदेशों में ज्यादा रहते हैं। भारत की संस्कृति और जीवन मूल्यों से उनका कोई वास्ता नहीं दिखता।

शिवराज सिंह ने कहा कि अगर राहुल का वास्ता भारत की संस्कृति और जीवन मूल्यों से होता तो वे विदेश जाकर भारत की आलोचना नहीं करते। दुनिया का कोई भी नेता ऐसा नहीं करता जो अपने देश से बाहर जाकर उसका अपमान करे, लेकिन राहुल गांधी देश को बदनाम करने का काम कर रहे हैं।

बिहार चुनाव पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में विकास का स्वागत हो रहा है। मखाना बोर्ड जैसी संस्थाओं का गठन हो या आम आदमी की जिंदगी को बेहतर बनाने की दिशा में उठाए गए कदम, डबल इंजन की सरकार ने हर मोर्चे पर काम किया है। लोगों को इसका लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनेगी।

रात में अधिकारियों की अचानक बैठकों पर सवाल उठाए जाने पर शिवराज सिंह चौहान ने साफ कहा कि किसानों की सेवा ही हमारे विभाग का उद्देश्य है। 'अन्नदाता देवो भव:' हमारी भावना है। जब भी किसानों को जरूरत होती है, हम तुरंत उनकी समस्या सुलझाने की कोशिश करते हैं। हम एकीकृत कॉल सेंटर की कल्पना कर रहे हैं, जहां किसान अपनी शिकायतें दर्ज कर सकें और हम उनमें से तत्काल समाधान योग्य समस्याओं का हल करें। राज्य सरकार से जुड़ी समस्याओं को वहां तक पहुंचाएं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 24 साल की राजनीतिक यात्रा पर अधिकारी ने कहा कि पीएम मोदी का हर क्षण भारत माता की सेवा के लिए समर्पित है। लगातार 24 वर्षों तक राज्य और केंद्र की जिम्मेदारी संभालना साधारण बात नहीं है। उनका धर्म ही निरंतर कर्म है। उनके जैसा नेता मिलना भारत की जनता का सौभाग्य है।

--आईएएनएस

वीकेयू/एएस