बीईएल के शिक्षण संस्थान में टीचर के 34 पदों पर नौकरी का अवसर, 7 जुलाई तक करें आवेदन

बीईएल के शिक्षण संस्थान में टीचर के 34 पदों पर नौकरी का अवसर, 7 जुलाई तक करें आवेदन

बेंगलुरु, 23 जून (आईएएनएस)। शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए एक शानदार मौका सामने आया हैं। दरअसल, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) की शिक्षण संस्थान, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन्स (बीईईआई) ने संविदा के आधार पर विभिन्न विषयों के अनुसार पीआरटी (प्राइमरी टीचर), टीजीटी (ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर), पीजीटी (पोस्ट ग्रेजुएट टीचर), जीपीटी (ग्रेजुएट प्राइमरी टीचर) और लेक्चरर के कुल 34 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।

बीईईआई की ओर से टीचर पोस्ट के लिए जारी 34 रिक्तियों में केमिस्ट्री का 1, कंप्यूटर साइंस के 2, अंग्रेजी के 6, हिंदी के 4, कॉमर्स और मैनेजमेंट का 1, कंप्यूटर साइंस/इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी का 1, संस्कृत का 1, गणित के 4, विज्ञान के 5, सामाजिक विज्ञान के 4, विशेष शिक्षक के 2, सांख्यिकी का 1 और लाइब्रेरियन के 2 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 17 जून से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 7 जुलाई तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे बीईएल के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना में दिए गए आवेदन लिंक पर क्लिक कर, तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित विषय अनुसार ग्रेजुएशन, बीए/एमए, बीएससी/एमएससी, डीएड/बीएड, एमफिल/पीएचडी, एमसीए, एमटेक, नेट, स्लेट, एमफिल, पीएचडी, एमकॉम, बीई/बीटेक, आदि होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास कम से कम 3 वर्षों का शैक्षणिक अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता व कौशल का होना भी अनिवार्य है।

आवेदकों की अधिकतम आयु 45 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 अप्रैल के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदन के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, लिखित परीक्षा, इंटरव्यू, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, अंतिम मेरिट सूची, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी बीईईआई के वेतनमान नियमों के अनुसार प्रति माह होगी। वहीं, कैंडिडेट्स का पोस्टिंग स्थान बेंगलुरु होगा।

कैंडिडेट्स को भर्ती, योग्यता, चयन प्रक्रिया, अदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए बीईएल की संबंधित पोस्ट के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।

--आईएएनएस

डीके/वीसी