नई दिल्ली, 4 जून (आईएएनएस)। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच गुरुवार से लॉर्ड्स में पहले टेस्ट मैच की शुरुआत हो गई है। यह बतौर अंपायर रॉड टकर का 100वां टेस्ट मैच है। इस उपलब्धि के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने ऑस्ट्रेलियाई अंपायर को बधाई दी है। इस मौके पर आईसीसी के पूर्व टेस्ट अंपायर इयान गोल्ड ने उन्हें एक क्रिस्टल ट्रॉफी भेंट की।
रॉड टकर क्रिकेट के इतिहास में 100 टेस्ट मुकाबलों में अंपायरिंग करने वाले चौथे अंपायर बन गए हैं। इस लिस्ट में अलीम डार (145), स्टीव बकनर (128) और रूडी कोर्टजन (108) उनसे ऊपर हैं।
अंपायरिंग की ओर रुख करने से पहले, टकर न्यू साउथ वेल्स और तस्मानिया के लिए एक सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर थे, जिन्होंने साल 1986 और 1999 के बीच 103 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 5,076 रन बनाने के साथ 123 विकेट हासिल किए थे।
टकर ने गुरुवार को आईसीसी के एक बयान में कहा, "क्रिकेट हमेशा से मेरा जुनून रहा है। मैं खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं कि बतौर इंटरनेशनल अंपायर मेरा करियर इतना लंबा रहा। अपने 100वें टेस्ट में अंपायरिंग करना मेरे लिए एक सपने के सच होने जैसा है। मैं इस सफर को बहुत प्यार और कृतज्ञता के साथ याद करता हूं। मैं आईसीसी और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को इतने वर्षों तक लगातार सहयोग देने के लिए दिल से धन्यवाद देना चाहता हूं। मैं न्यू साउथ वेल्स के क्रिकेट अंपायर्स और स्कोरर्स एसोसिएशन का भी आभारी हूं, जिन्होंने करियर की शुरुआत में मेरा हौसला बढ़ाया।"
उन्होंने कहा, "एलीट पैनल में मेरे साथियों और मेरे परिवार को भी विशेष धन्यवाद, जिन्होंने लगातार मेरा साथ दिया। उनके बिना मैं यह मील का पत्थर हासिल नहीं कर पाता। मैं आने वाले वर्षों में भी इस शानदार सफर को पूरे उत्साह के साथ जारी रखने के लिए उत्सुक हूं।"
टकर को साल 2010 में आईसीसी के एलीट पैनल ऑफ अंपायर्स में शामिल किया गया था। इससे पहले, टकर साल 2008 में इंटरनेशनल पैनल ऑफ अंपायर्स में शामिल हुए थे।
साल 2017 में, केप टाउन के न्यूलैंड्स में साउथ अफ्रीका और श्रीलंका के बीच खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में अंपायरिंग के साथ वह 50 टेस्ट मुकाबलों में अंपायरिंग करने वाले 13वें अंपायर बने थे। टकर कई आईसीसी ग्लोबल टूर्नामेंट में अंपायरिंग कर चुके हैं, जिनमें साल 2011, 2015, 2019 और 2023 के मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप और 2013, 2017 और 2025 की मेंस चैंपियंस ट्रॉफी शामिल हैं।
टकर 2009 से 2026 तक पुरुषों के टी20 वर्ल्ड कप के नौ एडिशन में भी अंपायर रहे हैं, जिसमें 2016 में कोलकाता में वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के बीच खेला गया फाइनल भी शामिल है।
आईसीसी के चेयरमैन जय शाह ने कहा, "रॉड एक बहुत ही सम्मानित अंपायर हैं, जिनकी निरंतरता और पेशेवर रवैये ने उन्हें दुनिया भर में अपने साथियों, खिलाड़ियों और प्रशंसकों का सम्मान दिलाया है। हमेशा अच्छा प्रदर्शन करने वाले और दबाव में भी खेलों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने में सक्षम, वह अपने दौर के सर्वश्रेष्ठ अंपायर में से एक रहे हैं। यह 100 टेस्ट मुकाबलों का मील का पत्थर वास्तव में दिखाता है कि क्रिकेट प्रशासकों का उन पर पिछले कई वर्षों से कितना भरोसा रहा है, और उनका अनुभव अमूल्य रहा है।"
उन्होंने कहा, "वह दुनिया भर के अन्य अंपायरों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। वह ऐसे व्यक्ति हैं जिनसे दूसरे लोग मार्गदर्शन के लिए संपर्क करते हैं। मैं आईसीसी की ओर से रॉड को इस अविश्वसनीय उपलब्धि पर अपनी हार्दिक बधाई देना चाहता हूं और खेल के प्रति उनके असाधारण समर्पण के लिए उन्हें धन्यवाद देता हूं।"
--आईएएनएस
आरएसजी