बैंक ऑफ बड़ौदा में अप्रेंटिस के 5000 पदों पर बंपर वैकेंसी, आवेदन प्रक्रिया शुरू

बैंक ऑफ बड़ौदा में अप्रेंटिस के 5000 पदों पर बंपर वैकेंसी, आवेदन प्रक्रिया शुरू

मुंबई, 19 मई (आईएएनएस)। बैंकिंग सेक्टर में नौकरी खोज रहे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) ने अलग-अलग राज्य/केंद्र शासित प्रदेश में अप्रेंटिस के कुल 5,000 पदों पर 1 वर्ष की कार्य प्रशिक्षण अवधि के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।

बीओबी की ओर से जारी बंपर रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई। अप्लाई करने की अंतिम तिथि 8 जून तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे राष्ट्रीय प्रशिक्षुता प्रोत्साहन योजना (एनएटीएस) के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया तय समय सीमा के अंदर पूरा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री या केंद्र सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त कोई समकक्ष योग्यता होनी चाहिए।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 मई के आधार पर की जाएगी। वहीं आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन, राज्य की स्थानीय भाषा का परीक्षण, मेडिकल फिटनेस और अंतिम मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को प्रतिमाह 15,000 रुपए स्टाइपेंड के तौर पर दिए जाएंगे।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो अनुसूचित जाति (एससी)/अनुसूचित जनजाति (एसटी)/पीडब्ल्यूबीडी उम्मीदवार के लिए 200 रुपए के साथ लागू जीएसटी; सामान्य, ईडब्ल्यूएस और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) - पुरुष उम्मीदवार के लिए 800 रुपए के साथ लागू टैक्स और सामान्य, ईडब्ल्यूएस और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) - महिला/ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों के लिए 600 रुपए के साथ लागू टैक्स है।

--आईएएनएस

डीके/वीसी