मुंबई, 29 जून (आईएएनएस)। बॉलीवुड एक्टर इमरान हाशमी की फिल्म 'आवारापन 2' का टीजर रिलीज हो गया है। 19 साल के लंबे इंतजार के बाद दर्शकों को एक बार फिर शिवम पंडित की दुनिया की झलक देखने को मिली है, जहां प्यार, खोने का दर्द और अकेलापन एक साथ नजर आता हैं। टीजर में इमरान हाशमी के किरदार शिवम पंडित की अधूरी कहानी के आगे का हिस्सा दिखाया गया है।
1 मिनट 45 सेकंड लंबे टीजर की शुरुआत एक सॉफ्ट वायलिन म्यूजिक से होती है, और इसी बैकग्राउंड में इमरान हाशमी की आवाज गूंजती है, जिसमें वह कहते हैं- 'कुछ लोगों की कहानियां उनकी मर्जी से खत्म नहीं होती, उनकी कहानी दूसरों के लिए लिखी जाती है।"
वीडियो के शुरुआत में इमरान हाशमी का चेहरा पूरी तरह नहीं दिखाया जाता। उन्हें कभी बाइक चलाते हुए बैक शॉट में दिखाया गया है, तो कभी उनके एक बर्ड टैटू का क्लोज-अप नजर आता है। इसके बाद इमरान एक कब्र के पास पहुंचते हैं, जिस पर लिखा होता है- 'आलिया हामिद 1984-2007।'
बता दें कि यह वही आलिया है, जिसका किरदार पहली फिल्म 'आवारापन' में श्रिया सरन ने निभाया था और जो शिवम की जिंदगी का सबसे बड़ा मोड़ साबित हुई थी। टीजर में दिखाया जाता है कि शिवम उसकी कब्र पर एक गुलाब का फूल रखता है।
टीजर आगे बढ़ता है और शिवम के अंदर चल रहे दर्द को और गहराई से दिखाता है। इस दौरान कई डायलॉग सुनाई देते हैं, जिसमें इमरान हाशमी कहते हैं- 'मौत भी अजीब है, उसने मुझे छुआ, लेकिन अपनाया नहीं।' एक और जगह उनकी आवाज सुनाई देती है- 'दर्द से पुराना रिश्ता है मेरा।' और टीजर के आखिर में वह कहते है- 'इस बार या तो ये आवारापन खत्म होगा या मैं।'
टीजर में सिर्फ इमरान हाशमी ही नहीं, बल्कि शबाना आजमी और दिशा पाटनी की झलक भी दिखाई देती है। हालांकि उनके किरदारों को लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है।
अगर पहले पार्ट की बात करें तो 2007 में रिलीज हुई 'आवारापन' एक क्राइम और इमोशनल ड्रामा फिल्म थी, जिसमें इमरान हाशमी के किरदार शिवम पंडित को एक गैंगस्टर के रूप में दिखाया गया था, जो अपने दर्दनाक अतीत से जूझ रहा होता है। इस फिल्म में आलिया का किरदार उसकी जिंदगी में उम्मीद लेकर आता है, लेकिन एक दुर्घटना में आलिया की मौत शिवम को पूरी तरह बदल देती है।
इस फिल्म के गाने, 'तो फिर आओ' और 'माहिया' जैसे गाने आज भी लोगों के बीच लोकप्रिय हैं। अब लगभग 19 साल बाद इसका सीक्वल आ रहा है, जो उसी अधूरी कहानी को आगे बढ़ाने का वादा करता है।
'आवारापन 2' 14 अगस्त को सभी सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
--आईएएनएस
पीके/एएस