नई दिल्ली, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। संगीत जगत की महान हस्ती आशा भोसले के निधन पर, देश के दिग्गज कारोबारी गौतम अदाणी ने रविवार शोक जताया और कहा कि उनकी अमर विरासत पीढ़ियों तक गूंजती रहेगी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गौतम अदाणी ने आशा भोसले के गाने "अभी ना जाना छोड़ कर, कि दिल अभी भरा नहीं..." को याद करते हुए लिखा, "भारत का दिल आशा जी को जाने देने के लिए कभी तैयार नहीं था। वह अपने पीछे एक अमर विरासत छोड़ गई हैं जो घरों, यादों और पीढ़ियों तक गूंजती रहेगी। आपकी मधुर धुनें अमर हैं। ऊं शांति।"
प्रसिद्ध गायिका आशा भोसले की तबीयत पिछले कुछ समय से खराब चल रही है और उन्होंने 92 वर्ष की उम्र में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली।
आशा भोसले के बेटे आनंद ने मीडिया से कहा कि सोमवार सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन होंगे और शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
आशा भोसले का नाम भारतीय संगीत इतिहास में हमेशा सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा। उन्होंने अपने करियर में आठ दशकों से भी ज्यादा समय तक संगीत की दुनिया में सक्रिय रहकर हजारों गाने गाए। उनकी आवाज में एक अलग ही जादू था, जिसने हर दौर के लोगों को अपनी ओर आकर्षित किया। उन्होंने लगभग 12 हजार से ज्यादा गाने गाए, जो अपने आप में एक अनोखा रिकॉर्ड है।
उनके गाए कई गाने आज भी लोगों के दिलों में जिंदा हैं। 'पिया तू अब तो आजा', 'दम मारो दम', 'ये मेरा दिल', 'चुरा लिया है तुमने', 'इन आंखों की मस्ती के' और 'दिल चीज क्या है' जैसे गीतों ने उन्हें अमर बना दिया।
उनके योगदान को देखते हुए उन्हें कई बड़े पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। उन्हें दादा साहेब फाल्के पुरस्कार, पद्म विभूषण, राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और कई फिल्मफेयर अवॉर्ड्स से नवाजा गया। वह दुनिया के सबसे ज्यादा गाने रिकॉर्ड करने वाले कलाकारों में भी शामिल रहीं।
--आईएएनएस
एबीएस/