एआर रहमान के संगीत से सजा गाना 'भीगी भीगी', दुलकर सलमान बोले- इसकी सच्ची भावनाओं ने मुझे खींच लाया

एआर रहमान के संगीत से सजा गाना 'भीगी भीगी', दुलकर सलमान बोले- इसकी सच्ची भावनाओं ने मुझे खींच लाया

मुंबई, 2 फरवरी (आईएएनएस)। संगीत और सिनेमा की दुनिया में इन दिनों ऑस्कर विजेता एआर रहमान का म्यूजिक वीडियो 'भीगी भीगी' काफी चर्चाओं में है। इस गाने ने लोगों का खास ध्यान अपनी ओर खींचा है। इसमें अभिनेता दुलकर सलमान और मृणाल ठाकुर की केमिस्ट्री देखने को मिल रही है। इस गाने को एआर अमीन और जसलीन रॉयल ने गाया है।

म्यूजिक वीडियो से पहले दुलकर सलमान और मृणाल ठाकुर फिल्म 'सीता रामम' में साथ काम कर चुके हैं। उनकी जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था।

म्यूजिक वीडियो को लेकर दुलकर सलमान ने कहा, ''गाने से मुझे जो चीज सबसे ज्यादा जोड़ती है, वह है इसकी भावनात्मक सच्चाई। यह गीत किसी बनावटी रोमांस या भारी शब्दों पर नहीं टिका है, बल्कि उन भावनाओं को छूता है, जिन्हें लोग अक्सर महसूस तो करते हैं लेकिन शब्दों में नहीं कह पाते।''

दुलकर सलमान ने कहा, ''इस गाने की भावनाओं को पर्दे पर उतारना मेरे लिए बेहद संतोषजनक रहा। जब कोई गीत दिल से निकला हुआ होता है, तो अभिनय करना आसान हो जाता है। एआर रहमान जैसे महान संगीतकार के साथ जुड़ने का मौका मिलना इस प्रोजेक्ट को मेरे लिए और भी खास बनाता है। इसके साथ ही मृणाल ठाकुर के साथ दोबारा काम करना, जसलीन रॉयल के साथ फिर से सहयोग और युवा गायक एआर अमीन की प्रतिभा का हिस्सा बनना, इन सबने इस गीत को मेरे दिल के बेहद करीब ला दिया।''

उन्होंने कहा, ''यह गाना एक पूरी कहानी है, जिसे बेहद सिनेमाई अंदाज में दिखाया गया है। यह एक ऐसी प्रेम कहानी को दर्शाता है, जिसमें दो प्रेमी अलग-अलग वास्तविकताओं और समय के दौर में जुड़े हुए दिखाई देते हैं। कहानी पुराने जमाने की भावनाओं से लेकर भविष्य की खूबसूरत दुनिया तक का सफर तय करती है, जिससे दर्शक खुद को कहानी का हिस्सा महसूस करने लगते हैं।''

वहीं, अभिनेत्री मृणाल ठाकुर ने कहा, ''इस म्यूजिक वीडियो में काम करते हुए मुझे एक अलग दुनिया में जाने का मौका मिला। अलग-अलग रूप और भावनात्मक उतार-चढ़ाव ने इस अनुभव को मेरे लिए रचनात्मक बना दिया। गाने में भावनाओं की पकड़ इतनी मजबूत है कि मैं इसे पहली बार सुनने के बाद से लगातार सुन रही हूं। दुलकर सलमान के साथ दोबारा काम करना और एआर रहमान जैसे दिग्गज के संगीत का हिस्सा बनना मेरे लिए यादगार अनुभव रहा।''

--आईएएनएस

पीके/डीकेपी