मुंबई, 21 सितंबर (आईएएनएस)। दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने हिंदी सिनेमा में चार दशक से ज्यादा का सफर तय किया है और इस दौरान पर्दे के साथ-साथ रंगमंच पर भी अपनी खास पहचान बनाई है। उनके इसी लंबे सफर को अब अमेरिका के ओहायो राज्य में खास सम्मान मिला है। अनुपम खेर को ओहायो की ओर से स्पेशल प्रोक्लेमेशन देकर सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उनके लंबे फिल्मी सफर के साथ-साथ उनके लाइव स्टेज परफॉर्मेंस 'जाने पहचाने अनजाने' के लिए भी दिया गया है।
कोलंबस में हुए इस लाइव शो के दौरान मिले सम्मान की तस्वीर अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर शेयर की और इसे अपने लिए गर्व से भरा पल बताया।
अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर स्पेशल प्रोक्लेमेशन के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर की। इसके साथ उन्होंने ओहायो के गवर्नर माइक डिवाइन और लेफ्टिनेंट गवर्नर जिम ट्रेसल का आभार जताया। उन्होंने लिखा, ''चार दशक से ज्यादा लंबे अपने फिल्मी सफर और 'जाने पहचाने अनजाने' के लाइव स्टेज परफॉर्मेंस के लिए इस तरह का सम्मान मिलना मेरे लिए बेहद खास है। ओहायो राज्य से यह स्पेशल प्रोक्लेमेशन मिलना असाधारण अनुभव रहा।''
उन्होंने लिखा, ''मैं इस सम्मान को गर्व और विनम्रता के साथ स्वीकार करता हूं। इसके लिए ओहायो के गवर्नर माइक डिवाइन और लेफ्टिनेंट गवर्नर जिम ट्रेसल का धन्यवाद। इस सम्मान का श्रेय भारतीय फिल्म इंडस्ट्री को जाता है। इसी इंडस्ट्री ने मुझे पहचान दी है। इसके साथ ही, 'जाने पहचाने अनजाने' की पूरी टीम और कलाकारों का भी धन्यवाद, जिनकी मेहनत और जुनून की वजह से हर लाइव परफॉर्मेंस खास बनती है।''
अनुपम ने कहा, ''अपने देश से इतनी दूर इस तरह स्वागत और सम्मान मिलना मेरे लिए बेहद भावुक पल है। ओहायो का शुक्रिया, मैं इस सम्मान को लंबे समय तक याद रखूंगा। जय हिंद।''
अनुपम खेर के फिल्मी सफर की बात करें तो उन्होंने 1984 में महेश भट्ट की फिल्म 'सारांश' से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद वह 'कर्मा', 'तेजाब', 'चालबाज', 'विजय', 'राम लखन', 'डैडी', 'सौदागर', 'दिल', 'हम आपके हैं कौन', 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे', 'कुछ कुछ होता है', 'दुल्हन हम ले जाएंगे' और 'स्पेशल 26' जैसी फिल्मों में नजर आए।
--आईएएनस
पीके/पीएम