मुंबई, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। भजन सम्राट अनूप जलोटा ने बांग्लादेश की लोकप्रिय गायिका शिथी साहा के साथ एक खूबसूरत गजल का वीडियो शूट किया है। यह गजल उनके घर पर ही शूट हुआ, जिसमें दोनों कलाकारों ने मिलकर इश्क और जुदाई की भावनाओं को पिरोया है। अनूप जलोटा ने इस मौके पर क्रॉस कल्चरल सहयोग, रॉयल्टी मुद्दे और अपनी बहुमुखी छवि पर भी खुलकर बात की।
अनूप जलोटा ने आईएएनएस को बताया कि यह गजल वेद प्रकाश मलिक ‘सरशार’ द्वारा लिखी गई है। उन्होंने खुद इसका संगीत दिया है, जिसका मुख्य भाव इश्क और जुदाई पर आधारित है। इसमें शिथी साहा ने उनके साथ स्वर दिया है। म्यूजिक अरेंजमेंट अमित ने किया है, जो कोलकाता में रहते हैं। वीडियो विवेक प्रकाश डायरेक्ट कर रहे हैं।
अनूप जलोटा ने कहा, “यह पूरी टीम वर्क है। जब आप वीडियो देखेंगे तो आपकी तबीयत खुश हो जाएगी।”
शिथी बांग्लादेश की प्लेबैक सिंगर हैं और पॉप व क्लासिकल गाना भी गाती हैं। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए अच्छी शुरुआत है और अनूप जी का आशीर्वाद मिले तो आगे भी कई काम हो सकते हैं। शिथी साहा ने इस सहयोग को अपना सपना पूरा होने जैसा बताया। उन्होंने कहा, “अनूप जी के भजन और गजल मैं हमेशा सुनती आई हूं। उनके साथ गाना मेरे लिए सच्चा आशीर्वाद है। मैं बहुत उत्साहित हूं, लेकिन थोड़ी नर्वस भी हूं।”
अनूप जलोटा ने घर पर शूटिंग करने की वजह बताते हुए कहा कि कलाकार को जहां सुकून मिले, वहीं काम करना चाहिए। घर की सुंदर पेंटिंग्स, फर्नीचर और माहौल स्टूडियो में नहीं मिल सकता। इससे खर्च भी कम होता है और वीडियो बेहतर बनता है। उन्होंने जोर दिया कि गाना अच्छा हो तो वीडियो बनाना स्वाभाविक है। यह प्लान शुरू से नहीं था, बल्कि रिकॉर्डिंग के बाद स्टेप बाय स्टेप विकसित हुआ।
क्रॉस कल्चरल सहयोग पर बात करते हुए अनूप जलोटा ने कहा कि अगर गाना अच्छा है और सिंगर अच्छा है तो कोई समस्या नहीं। वे खुद 15 भाषाओं में गाते हैं- भजन, गजल, फिल्मी गाने और कव्वाली। उन्होंने अपनी इमेज पर भी खुलासा किया। कहा, “लोग मुझे भजन गायक के रूप में जानते हैं, जो मुझे बहुत खुशी देता है क्योंकि भजन की वजह से मैं गांव-गांव तक पहुंचा। गजल से इतनी पहुंच नहीं होती। लेकिन जीवन छोटा है, एक जीवन में सब कुछ करना चाहिए। इसलिए मैं कलरफुल शर्ट पहनकर भी आ जाता हूं और बिग बॉस जैसे शो में भी गया।”
भारत-बांग्लादेश के बीच राजनीतिक तनाव के बावजूद सहयोग पर अनूप जी ने कहा कि दोनों देशों के बीच कोई गंभीर समस्या नहीं है। उन्होंने पाकिस्तान के कलाकारों के साथ काम न करने की बात दोहराई और कहा कि जब तक शांति नहीं होती, वे पाकिस्तानी कलाकारों के साथ सहयोग नहीं करेंगे।
शिथी साहा ने भारत में मिली मेहमाननवाजी की तारीफ की। उन्होंने कहा, “भारत मेरे लिए हमेशा खास रहा है। अनूप जी ने मुझे यहां शेल्टर दिया। मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकती कि मैं कितनी खुश और उत्साहित महसूस कर रही हूं। भारत और बांग्लादेश के रिश्ते हमेशा अच्छे रहे हैं और यह सहयोग नई शुरुआत है।”
रॉयल्टी मुद्दे पर अनूप जलोटा ने इंडियन सिंगर्स एंड म्यूजिशियंस राइट्स एसोसिएशन का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि हाल ही में एसोसिएशन ने 100 करोड़ रुपए रॉयल्टी बांटी है। जो कलाकार शिकायत करते हैं, उन्हें पहले एसोसिएशन का सदस्य बनना चाहिए। सदस्य बनने पर ही रॉयल्टी मिल पाती है। अनूप जलोटा ने सभी सिंगर्स, म्यूजिशियंस और कोरस सिंगर्स से अपील की कि वे सदस्यता लें ताकि उन्हें उनका हक मिल सके।
--आईएएनएस
एमटी/डीकेपी