बॉबी देओल ने साझा किया 'अल्फा' का अनुभव, कहा- आलिया ने एक्शन सीन में जान डाली

बॉबी देओल ने साझा किया 'अल्फा' का अनुभव, कहा- आलिया ने एक्शन सीन में जान डाली

मुंबई, 27 मई (आईएएनएस)। बॉलीवुड में इन दिनों एक्शन फिल्मों का दौर तेजी से बढ़ रहा है। इस बीच फिल्म 'अल्फा' काफी चर्चा में है। यह फिल्म इसलिए भी खास मानी जा रही है, क्योंकि इसमें दो एक्ट्रेस आलिया भट्ट और शरवरी वाघ को जबरदस्त एक्शन करते हुए दिखाया जाएगा। फिल्म में बॉबी देओल भी अहम किरदार में दिखाई देंगे।

फिल्म की रिलीज से पहले बॉबी देओल ने अपने अनुभव साझा किए हैं। उन्होंने खासतौर पर आलिया भट्ट के साथ काम करने को बेहद शानदार बताया। बॉबी ने कहा, ''मैं लंबे समय से आलिया और उनके पति रणबीर कपूर दोनों के साथ काम करना चाहते था। रणबीर के साथ मुझे फिल्म 'एनिमल' में काम करने का मौका मिला था और अब आलिया के साथ 'अल्फा' में स्क्रीन शेयर करने का अनुभव भी मेरे लिए बहुत खास रहा।''

बॉबी ने कहा, "रणबीर और आलिया दोनों ही बेहद शानदार कलाकार हैं, और उनके साथ काम करते समय माहौल बहुत सकारात्मक रहता है। 'एनिमल' के दौरान रणबीर के साथ मेरी अच्छी बॉन्डिंग थी, और अब 'अल्फा' में आलिया के साथ काम करते हुए भी मुझे काफी मजा आया। दोनों कलाकार अपने काम को लेकर बेहद गंभीर हैं।"

आलिया भट्ट की तारीफ करते हुए बॉबी देओल ने आगे कहा, ''वह उन कलाकारों में से हैं जो अपने काम के लिए पूरी मेहनत से तैयारी करते हैं। आलिया शूटिंग पर हमेशा पूरी तैयारी के साथ आती थीं और हर सीन को बहुत ध्यान से समझती थीं। वह खुद को पूरी तरह अपने किरदार में ढाल लेती थी।''

बॉबी ने कहा, ''एक्शन करना देखने में जितना आसान लगता है, असल में उतना मुश्किल होता है। इसमें शारीरिक मेहनत के साथ मानसिक तैयारी भी जरूरी होती है। आलिया ने हर एक्शन सीन में खुद को पूरी तरह झोंक दिया। उनका समर्पण देखकर मैं खुद भी काफी प्रभावित हुआ हूं।''

बॉबी देओल ने फिल्म 'अल्फा' को लेकर कहा, ''भारत में इस तरह की फिल्में बहुत कम बनती हैं, जहां दो एक्ट्रेस बड़े स्तर पर एक्शन करती दिखाई दें। यह दर्शकों के लिए बिल्कुल नया अनुभव होगा। मुझे यह बात बेहद पसंद आई कि फिल्म सिर्फ ग्लैमर तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें मजबूत महिला किरदारों को ताकतवर अंदाज में दिखाया गया है।''

उन्होंने आगे कहा, '''अल्फा' एक नई सोच और नए विजुअल्स वाली फिल्म है। दर्शक जब इसे थिएटर में देखेंगे तो उन्हें कुछ अलग महसूस होगा। हिंदी सिनेमा में इस तरह के प्रयोग जरूरी हैं, क्योंकि दर्शक अब नई कहानियां और नए अंदाज देखना चाहते हैं।''

फिल्म 'अल्फा' का निर्देशन शिव रवैल ने किया है। इस फिल्म में अनिल कपूर भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। यह फिल्म 10 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

--आईएएनएस

पीके/पीएम