अजय राय की पीएम मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी, भाजपा ने कहा- 'यह गांधीवादी नहीं, गालीवाली कांग्रेस'

अजय राय की पीएम मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी, भाजपा ने कहा- 'यह गांधीवादी नहीं, गाली वाली कांग्रेस'

नई दिल्ली, 22 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अभद्र टिप्पणी करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कांग्रेस नेता अजय राय कार में बैठे हुए हैं। जैसे ही उनकी कार आगे बढ़ती है, तब वे कार के पास खड़े लोगों से प्रधानमंत्री के बारे में अपशब्द कहते हैं। इतना ही नहीं वे अपने बिगड़े बोल को फिर से दोहराते भी हैं।

भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ''कुछ दिन पहले जब यूपीपीसीसी चीफ अजय राय अस्वस्थ थे, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक रूप से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी। लेकिन, आज वही अजय राय प्रधानमंत्री के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते कैमरे में कैद हुए। यही कांग्रेस की राजनीति का स्तर है, शिष्टाचार का जवाब अभद्रता से।''

वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस नेता का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ''राहुल गांधी के 'गद्दार' वाले अपमानजनक बयान के बाद, अब कांग्रेस ने फिर सारी हदें पार कर दी हैं। अजय राय ने पीएम मोदी के लिए बेहद अपमानजनक शब्द का इस्तेमाल किया है। वे उनसे इसलिए नफरत करते हैं क्योंकि वे एक 'चायवाला' पृष्ठभूमि से आते हैं। राहुल की कांग्रेस ने 150 से ज्यादा अपशब्दों का इस्तेमाल किया है। यह 'गाली वाली' कांग्रेस है, न कि 'गांधीवादी' कांग्रेस। अपशब्दों की दुकान।''

कुछ दिनों पहले एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता अजय राय की तबीयत बिगड़ गई थी और वह बेहोश होकर गिर गए थे, जिसके बाद उन्हें लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके स्वास्थ्य के खराब होने की खबर जब सामने आई तो प्रधानमंत्री मोदी ने उसी रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी और कहा था कि वे अजय राय के अचानक बीमार पड़ने की खबर सुनकर चिंतित हैं।

हैरानी की बात यह है कि एक तरफ पीएम मोदी ने उनका हालचाल जाना था, अब अजय राय उन्हीं के लिए अमर्यादित टिप्पणी कर रहे हैं।

वहीं, पीएम मोदी के खिलाफ की गई इस अपमानजनक टिप्पणी से न सिर्फ अजय राय को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि कांग्रेस पार्टी भी सोशल मीडिया यूजर्स के निशाने पर आई है। सोशल मीडिया यूजर्स ने एक बार फिर कांग्रेस पार्टी की नैतिकता और मूल्यों पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।

अजय राय ने 2024 के लोकसभा चुनाव में वाराणसी निर्वाचन क्षेत्र से प्रधानमंत्री को चुनौती दी थी, लेकिन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को 1.5 लाख से अधिक मतों के अंतर से करारी हार का सामना करना पड़ा था।

--आईएएनएस

एसके/एबीएम