गांधीनगर, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में नौकरी करना लाखों युवाओं का सपना होता है। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं, तो आपके लिए ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एआईआईएमएस-राजकोट) ने मेडिकल सुपरिटेंडेंट सहित विभिन्न 8 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
एआईआईएमएस-राजकोट ने जिन 8 पदों पर भर्ती के लिए एप्लीकेशन मांगे हैं, उनमें मेडिकल सुपरिटेंडेंट, सुपरिटेंडेंट इंजीनियर (सिविल), असिस्टेंट कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन (सहायक परीक्षा नियंत्रक), एक्जीक्यूटिव इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल), नर्सिंग सुपरिटेंडेंट, एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर, असिस्टेंट एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर और असिस्टेंट अकाउंट्स ऑफिसर के 1-1 पद शामिल हैं।
एम्स-राजकोट की ओर से जारी पदों के लिए ऑफलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 6 मई निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, उन्हें तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है। वहीं, उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 56 साल निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 6 मई के आधार पर की जाएगी।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित पद अनुसार एमबीबीएस, एमडी, एमएस, एमपीएच, एमबीए/प्रबंधन में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता और तय सालों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन बायोडेटा/योग्यता/अनुभव के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, आदि के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 7वें केंद्रीय वेतन आयोग (सीपीसी) के अनुसार, लेवल 7 से 14 वेतन मैट्रिक्स होगी।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एम्स-राजकोट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी ऑफिशियल नोटिफिकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अधिसूचना में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें।
मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फॉर्म को एक लिफाफे में डालने के बाद, उसे 'कार्यकारी निदेशक, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान राजकोट, ग्राम खंडेरी, तहसील पद्धारी, जिला राजकोट, राजकोट, गुजरात-360110' पते पर डाक कर दें। इसी के साथ कैडिडेट्स आवेदन पत्र की एक कॉपी का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।
वहीं, कैंडिडेट्स को भर्ती से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जाने के बाद, वहां संबंधित पद के लिए जारी विस्तृत ऑफिशियल नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी