जम्मू, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में नौकरी करने ख्वाहिश रखने वालों के हाथ से एक बेहतरी मौका निकलने वाला है। दरअसल, ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एम्स) जम्मू ने सीनियर रेजिडेंट/डेमोंस्ट्रेटर के कुल 78 पदों पर भर्ती के लिए ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी किया है।
एम्स जम्मू की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 1 अप्रैल से शुरू हो गई है। अप्लाई करने की अंतिम तिथि 15 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, उन्हें आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर बुधवार के शाम 5 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।
एम्स जम्मू ने जिन 78 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं, उनमें नेस्थिसियोलॉजी के 8; एनाटॉमी, कार्डियोलॉजी, डर्मेटोलॉजी, ईएनटी, फैमिली मेडिसिन, फोरेंसिक मेडिसिन और टॉक्सिकोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, न्यूरोलॉजी, पीडियाट्रिक्स, पैथोलॉजी, ऑब्सटेट्रिक्स और गायनेकोलॉजी, साइकेट्री, रेडियोथेरेपी, सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन और ब्लड बैंक का 1-1; बर्न्स और प्लास्टिक सर्जरी, कार्डियोथोरेसिक सर्जरी, एंडोक्रिनोलॉजी और मेटाबॉलिज्म, नेफ्रोलॉजी, न्यूरोसर्जरी और फिजियोलॉजी के 2-2; माइक्रोबायोलॉजी के 3; पीडियाट्रिक सर्जरी और रेडियोलॉजी (रेडियो-डायग्नोसिस) के 4-4; कम्युनिटी मेडिसिन और जनरल मेडिसिन के 5-5; जनरल सर्जरी और हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन के 6-6 और ट्रॉमा-इमरजेंसी मेडिसिन के 9 पद शामिल हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित पद के अनुसार पोस्ट-ग्रेजुएट चिकित्सा डिग्री/एमएससी/एमबायोटेक और पीएचडी होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता और तय वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 45 साल निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 15 अप्रैल के आधार पर की जाएगी। आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन मेरिट के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 56,100 से 67,700 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
इंटरव्यू का आयोजन 'बोर्ड रूम, एकेडमिक ब्लॉक, एम्स विजयपुर जम्मू, 181134' पते पर सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक किया जाएगा। कैंडिडेट्स ध्यान दें, सुबह 11:30 बजे के बाद प्रवेश बंद कर दिया जाएगा और किसी भी उम्मीदवार को साक्षात्कार के लिए आमंत्रित नहीं किया जाएगा। संस्थान की ओर से जल्द ही इंटरव्यू की तारीख घोषित की जाएगी।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो जनरल/ओबीसी के लिए 1,500 रुपए और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/ईडब्ल्यूएस के लिए 1,000 रुपए तय किया गया है। दिव्यांग श्रेणी के अभ्यर्थियों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एम्स-जम्मू की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद से जुड़े सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइड में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र का एक प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।
कैंडिडेट्स भर्ती से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए एम्स जम्मू की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित पद के लिए जारी विस्तृत अधिसूचना को चेक कर सकते हैं।
--आईएएनएस
डीके/वीसी