हैदराबाद, 29 मई (आईएएनएस)। अभिनेता राम चरण इंडस्ट्री को एक से बढ़कर एक फिल्म दे चुके हैं। उनके बेहतरीन अभिनय को दर्शकों का खूब प्यार मिलता है। हालांकि, अभिनेता ने बताया कि एक्टिंग के साथ-साथ स्पोर्ट्स से भी उनका खास लगाव है।
राम चरण की अपकमिंग फिल्म ‘पेड्डी’ स्पोर्ट्स एक्शन ड्रामा है। इसमें वह एक ‘क्रॉसओवर एथलीट’ का किरदार निभा रहे हैं, जो क्रिकेट, कुश्ती और स्प्रिंटिंग जैसे तीन अलग-अलग खेलों में पारंगत है। ऐसे में राम चरण ने खेलों के प्रति अपने गहरे लगाव के बारे में मजेदार अंदाज में बात की है।
अभिनेता ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान बताया कि पढ़ाई-लिखाई में उनका प्रदर्शन कभी खास नहीं रहा, इसलिए उन्होंने खेल के मैदान पर अपना जोर लगाया। फिल्म की तैयारी के दौरान राम चरण ने असल जिंदगी में अपने खेल प्रेम को भी याद किया।
अभिनेता ने बताया, “मुझे हमेशा से स्पोर्ट्स बहुत पसंद था। मैं वॉलीबॉल टीम का कप्तान रह चुका हूं और बास्केटबॉल टीम का कप्तान भी रहा। इसके अलावा, मैं क्रिकेट खेलता था और ट्रैक एंड फील्ड के इवेंट्स में भी हिस्सा लेता था। मेरे ग्रेड्स अच्छे नहीं आते थे, इसलिए मुझे किसी न किसी क्षेत्र में अव्वल तो बनना ही था।”
राम चरण अपनी जबरदस्त डांसिंग स्किल्स के लिए भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं। ‘पेड्डी’ के लिए उन्होंने शारीरिक और मानसिक रूप से पूरी तैयारी की है। फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें चोट भी लग गई। इंटरव्यू के समय उनकी कलाई पर पट्टी बंधी नजर आई। राम चरण ने बताया कि फिल्म के एक एक्शन सीन की शूटिंग के दौरान यह चोट लगी थी।
जब उनसे पूछा गया कि किसी किरदार के लिए खुद को कितना तैयार करना चाहिए, तो राम चरण ने बताया, “फिल्म के हर एक किरदार ने खूब मेहनत की है, हम सबने इस किरदार के लिए बहुत मेहनत की है। मेरी पिछली फिल्म लगभग ढाई साल पहले आई थी। अब ‘पेड्डी’ के साथ मैं और भी बड़े, मजबूत और आत्मविश्वास से भरे अंदाज में वापसी करने जा रहा हूं।”
फिल्म ‘पेड्डी’ का निर्देशन बुची बाबू सना ने किया है। इसमें राम चरण के साथ बोमन ईरानी, शिवा राजकुमार, जान्हवी कपूर, जगपति बाबू और दिव्येंदु समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 4 जून को रिलीज होने जा रही है।
--आईएएनएस
एमटी/एबीएम