'आशीर्वाद का दीया' गाने पर पीएम मोदी की प्रतिक्रिया से खुश हुए अमन पंत, बोले- 'मेरी मेहनत सफल रही'

'आशीर्वाद का दीया' गाने पर पीएम मोदी की प्रतिक्रिया से खुश हुए अमन पंत, बोले- 'मेरी मेहनत सफल रही'

नई दिल्ली, 17 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर संगीतकार और गायक अमन पंत ने खास अंदाज में शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पीएम मोदी को समर्पित करते हुए 'आशीर्वाद का दीया' नाम का गाना तैयार किया था।

अमन पंत ने जब यह गाना सोशल मीडिया पर साझा किया, तो शायद उन्होंने तब सोचा भी नहीं होगा कि प्रधानमंत्री खुद इस पर प्रतिक्रिया देंगे। लेकिन, 17 सितंबर को पीएम मोदी ने गाना शेयर करते हुए कहा कि 'आशीर्वाद का दीया' उनके दिल को गहराई से छू गया। उनकी प्रतिक्रिया के बाद अमन पंत ने आईएएनएस से बातचीत में अपनी खुशी जाहिर की।

आईएएनएस से बात करते हुए अमन पंत ने कहा, ''यह गाना मैंने पूरे दिल से बनाया था। मैंने इसे पीएम मोदी को जन्मदिन पर अपनी तरफ से कुछ देने की इच्छा से तैयार किया था। गाना तैयार करने के बाद इंटरनेट पर डाल दिया और सुबह मुझे प्रधानमंत्री की प्रतिक्रिया की जानकारी मिली। किसी ने मुझे पीएम मोदी के पोस्ट का स्क्रीनशॉट भेजकर बताया कि उन्होंने मेरे गाने को शेयर किया है। यह खबर सुनकर मेरी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मेरे लिए सबसे बड़ी बात यह थी कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर मैंने जो गाना बनाया, उसे उन्होंने देखा, पसंद किया और सोशल मीडिया पर साझा भी किया। मेरे लिए इससे बड़ी बात और कुछ नहीं हो सकती।''

उन्होंने आगे कहा, ''दरअसल, प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर मैं कुछ खास करना चाहता था। देश के प्रधानमंत्री को आम तौर पर दिया जाने वाला कोई दूसरा तोहफा मेरे लिए संभव नहीं था, इसलिए मैंने अपने हुनर को ही तोहफा बनाने का फैसला किया। मैं एक कंपोजर और सिंगर हूं, इसलिए अपने संगीत के जरिए प्रधानमंत्री को कुछ समर्पित करना मुझे सबसे सही तरीका लगा। इसी सोच के साथ मैंने 'आशीर्वाद का दीया' तैयार किया। प्रधानमंत्री ने जब इस गाने को सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया, तो ऐसा लगा कि मेरी मेहनत सफल हो गई।''

अमन पंत ने कहा, ''किसी गाने को तैयार करने के लिए एक टीम लगती है। कोई गाना लिखता है, कोई उसे अपनी आवाज देता है और कोई संगीत तैयार करता है। इसलिए प्रधानमंत्री की ओर से गाने को शेयर किया जाना सिर्फ मेरे लिए ही नहीं, बल्कि पूरी टीम के लिए खास पल था। मेरे साथ इस गाने पर काम करने वाले कलाकारों और टीम के दूसरे सदस्यों के लिए भी प्रधानमंत्री का पोस्ट एक सरप्राइज जैसा था। प्रधानमंत्री पहले भी कलाकारों के काम को प्रोत्साहित करते रहे हैं और कई कलाकारों के गाने या दूसरे काम सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते हैं।''

बातचीत के दौरान अमन पंत ने आगे कहा, ''मैं अक्सर सोचता हूं कि पीएम मोदी इतना सारा काम कैसे कर लेते हैं। छोटे-छोटे काम करने के बाद मैं थक जाता हूं। मेरी पत्नी मुझे प्रधानमंत्री का उदाहरण देते हुए कहती हैं कि वह देश चला रहे हैं और फिर भी नहीं थकते और आप इतने से काम में थक जाते हो। उनकी एनर्जी लेवल मुझे काफी प्रभावित करती है।''

अमन पंत ने बातचीत के आखिर में प्रधानमंत्री को लेकर अपनी व्यक्तिगत इच्छा भी जाहिर की। उन्होंने कहा, ''मैं चाहता हूं कि वह आगे भी प्रधानमंत्री के पद पर बने रहें।''

'आशीर्वाद का दीया' की बात करें तो यह गीत प्रधानमंत्री मोदी के 76वें जन्मदिन के मौके पर उन्हें समर्पित किया गया। अमन पंत ने एक्स पर इसे साझा करते हुए इसे प्रधानमंत्री की 25 साल की सार्वजनिक सेवा के सम्मान के तौर पर पेश किया था। इसके बाद प्रधानमंत्री ने भी इस गीत का वीडियो एक्स पर साझा किया। उन्होंने लिखा, ''कुछ अंदाज बहुत खास होते हैं। 'आशीर्वाद का दीया' प्यार का एक ऐसा ही इजहार है जिसने मेरे दिल को गहराई से छू लिया है। हर आशीर्वाद हमारे प्यारे भारत की और भी ज्यादा निष्ठा के साथ सेवा करने के मेरे संकल्प को मजबूत करता है।''

--आईएएनएस

पीके/एबीएम