'आपका शानदार प्रदर्शन युवा पहलवानों को प्रेरित करेगा', राष्ट्रपति ने गोल्ड मेडल जीतने पर अमन सहरावत को दी बधाई

'आपका शानदार प्रदर्शन युवा पहलवानों को प्रेरित करेगा', राष्ट्रपति ने गोल्ड मेडल जीतने पर अमन सहरावत को दी बधाई

नई दिल्ली, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय रेसलर अमन सहरावत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए देश को गोल्ड मेडल दिलाया। अमन ने 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल कैटेगरी के फाइनल मुकाबले में मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन चोंग-सोंग को हराया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अमन को बधाई दी है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "एशियन गेम्स 2026 में कुश्ती के पुरुषों के फ्रीस्टाइल 57 किग्रा वर्ग में गोल्ड मेडल जीतने पर अमन सहरावत आपको बहुत-बहुत बधाई। आपने कड़ी मेहनत से शीर्ष स्थान हासिल किया और अपनी श्रेणी में सर्वोच्च सम्मान प्राप्त किया। आपका शानदार प्रदर्शन देश भर के कई युवा पहलवानों को उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगा।"

उपराष्ट्रपति सीपीराधाकृष्णन ने भी अमन को बधाई दी। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, "एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों की 57 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतने पर अमन सहरावत, महिलाओं की 53 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतने पर अंतिम पंघाल; और पुरुषों की 97 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर दीपक पूनिया को हार्दिक बधाई। उनका प्रदर्शन बेहतरीन प्रदर्शन के प्रति उनके अटूट संकल्प और समर्पण को दर्शाता है। मैं तीनों पहलवानों को भविष्य में निरंतर सफलता और और भी कई उपलब्धियां हासिल करने के लिए शुभकामनाएं देता हूं।"

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री और अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी अमन के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, "अमन सहरावत ने एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों के 57 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती इवेंट में गोल्ड मेडल जीता है। भारतीय कुश्ती के लिए शानदार प्रदर्शन करने पर अमन को बधाई।"

केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने अमन को बधाई देते हुए लिखा, "भारत के लिए कुश्ती में ऐतिहासिक गोल्ड। एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों के 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल इवेंट में पहला गोल्ड जीतने वाले शानदार प्रदर्शन के लिए अमन सहरावत को बहुत-बहुत बधाई।"

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अमन को गोल्ड जीतने पर बधाई दी। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, "भारतीय कुश्ती के लिए एक शानदार उपलब्धि। एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों की फ्रीस्टाइल 57 किग्रा स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतने पर अमन सहरावत को बधाई। पिछले एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल जीतने के बाद अमन ने अब जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए अपनी कैटेगरी में एशियन गेम्स चैंपियन बनकर एक नया मुकाम हासिल किया है। यह भारतीय कुश्ती के लिए गर्व का पल है और दृढ़ संकल्प व लड़ने के जज्बे का एक बेहतरीन उदाहरण है। जय हिंद।"

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी