नई दिल्ली, 9 मई (आईएएनएस)। राज्यसभा भाजपा सांसद राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने पंजाब की जनता के विश्वास और जनादेश के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि आप ने समृद्ध और खुशहाल पंजाब बनाने का वादा किया था, लेकिन राज्य को आर्थिक बर्बादी की ओर धकेल दिया।
राघव चड्ढा ने कहा कि पंजाब की जनता ने आप को पंजाब सरकार चलाने का जनादेश दिया था, पंजाब को लूटने का नहीं। आप ने पंजाब को ‘रंगला’ बनाने का वादा किया था, लेकिन पंजाब के खजाने को ‘कंगला’ बनाने का काम किया।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी के दौरान कथित तौर पर नौवीं मंज़िल की बालकनी से 21 लाख रुपए नकद फेंके जाने की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए चड्ढा ने पैसे के स्रोत और वैधता पर गंभीर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि कोई भी ईमानदार व्यक्ति अपनी मेहनत की कमाई को इस तरह नहीं फेंक सकता।
अगर यह पैसा ईमानदारी से कमाया गया होता तो कोई इसे नौवीं मंज़िल से नीचे नहीं फेंकता। 21 लाख छोड़िए, ईमानदारी से कमाए गए 21 रुपए भी कोई नहीं फेंकता। उन्होंने आगे कहा कि यह घटना स्वयं भ्रष्टाचार और सार्वजनिक धन के दुरुपयोग की ओर इशारा करती है।
राघव चड्ढा ने जांच के दौरान सामने आए कथित दस्तावेजों का उल्लेख करते हुए कहा कि यूएई, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया स्थित कंपनियों के जरिए सैकड़ों करोड़ रुपये की राउंड-ट्रिपिंग किए जाने के संकेत मिले हैं।
उन्होंने कहा कि विदेशी कंपनियों के माध्यम से धन के कथित लेनदेन से बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार के नेटवर्क का संकेत मिलता है।
राघव चड्ढा ने कहा कि जांच में सामने आए दस्तावेज बताते हैं कि यूएई, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया में कंपनियां बनाकर फंड्स की राउंड-ट्रिपिंग की गई। यह पंजाब के जनादेश के साथ सबसे बड़ा विश्वासघात है।
उन्होंने आगे कहा कि ये खुलासे उन चिंताओं को सही साबित करते हैं जिन्हें पहले सात राज्यसभा सांसदों समेत कई नेताओं ने पार्टी से दूरी बनाते समय उठाया था।
राघव चड्ढा ने कहा कि पार्टी छोड़ चुके कई नेताओं ने लगातार चेतावनी दी थी कि आप अब उन सिद्धांतों पर नहीं चल रही जिनका वह दावा करती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर भ्रष्टाचार से जुड़े मुद्दे उठाने की कोशिशों को दबाया गया।
उन्होंने कहा कि हमने बार-बार कहा था कि आप भ्रष्ट और समझौता कर चुके लोगों के हाथों में फंस चुकी है। जब भी हमने पार्टी के भीतर ये मुद्दे उठाए, हमें चुप करा दिया गया।
उन्होंने कहा कि हालिया घटनाओं ने अब पंजाब की जनता के सामने आप की सच्चाई उजागर कर दी है।
पंजाब की बिगड़ती आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए चड्ढा ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक तरफ राज्य लगभग 5 लाख करोड़ के कर्ज के बोझ तले दबा हुआ है, वहीं दूसरी ओर जनता के पैसे को विदेश भेजे जाने के आरोप सामने आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एक तरफ पंजाब भारी कर्ज के बोझ से जूझ रहा है, दूसरी ओर आरोप सामने आ रहे हैं कि पंजाब के खजाने को लूटकर हवाला के जरिए पैसा विदेश भेजा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता सत्ता में बैठे लोगों से जवाबदेही, ईमानदारी और पारदर्शिता की हकदार है।
--आईएएनएस
डीएससी