मुंबई, 7 फरवरी (आईएएनएस)। बॉलीवुड और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर जयदीप अहलावत एक जाना-माना नाम हैं। उनके अभिनय ने दर्शकों और समीक्षकों दोनों को प्रभावित किया है। कम लोग ही जानते हैं कि उनका असली सपना इंडस्ट्री में आना नहीं, बल्कि भारतीय सेना में ऑफिसर बनना था। बचपन से ही उन्होंने देश सेवा का जुनून मन में रखा और इसी सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने कई बार सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में इंटरव्यू दिए, लेकिन वह इसे पास नहीं कर पाए।
सेना में जाने का यह सपना अधूरा रह गया, लेकिन इसी अधूरे ख्वाब ने उन्हें जीवन में संघर्ष और मेहनत का अनुभव दिया, जिसकी झलक उनके अभिनय में दिखती है।
जयदीप का जन्म 8 फरवरी 1980 को हरियाणा के रोहतक जिले के खारकरा गांव में हुआ था। वह एक जाट किसान परिवार से आते हैं। स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने रोहतक से शिक्षा हासिल की और 2005 में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय से एमए इंग्लिश में ग्रेजुएशन किया। इस दौरान उन्होंने सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के लिए तैयारी भी की, लेकिन असफल रहने के बाद उन्होंने पुणे के फिल्म और टेलीविजन संस्थान एफटीआईआई से एक्टिंग में डिग्री हासिल की। इस दौरान उनके साथ राजकुमार राव, विजय वर्मा और सनी हिंदुजा जैसे साथी थे, जो अब फिल्म इंडस्ट्री में सफल अभिनेताओं में गिने जाते हैं।
जयदीप ने थिएटर की ओर रुख किया। पंजाब और हरियाणा में उन्होंने कई स्टेज शोज और नाटकों में हिस्सा लिया। थिएटर ने उन्हें किरदार निभाने, भावनाओं को समझने और दर्शकों से जुड़ने की कला सिखाई। थिएटर और छोटे स्टेज शोज के अनुभव ने उन्हें फिल्मों में कदम रखने में मदद की।
जयदीप ने अपने करियर की शुरुआत 2008 में शॉर्ट फिल्म 'नरमीन' से की। इसके बाद उन्होंने कई छोटे रोल करना शुरू किए। 2010 में उन्हें प्रियदर्शन की फिल्म 'खट्टा मीठा' में निगेटिव किरदार मिला। इसके बाद उन्होंने अजय देवगन की फिल्म 'आक्रोश' में भी काम किया। लेकिन उन्हें लोकप्रियता अनुराग कश्यप की 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' से मिली। इस फिल्म में उनके किरदार ने दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों का ध्यान खींचा।
जयदीप ने तमिल सुपरस्टार कमल हासन की फिल्म 'विश्वरूपम' और इसके सीक्वल में भी काम किया। इसके अलावा, वह 'कमांडो- ए वन मैन आर्मी' में विलेन के रूप में नजर आए। अक्षय कुमार स्टारर 'गब्बर इज बैक', शाहरुख खान की 'रईस', 'राजी', 'बागी 3' और 'भैया जी सुपरहिट' जैसी फिल्मों में उनके किरदार यादगार साबित हुए।
लेकिन सबसे बड़ा मुकाम जयदीप को तब मिला जब उन्होंने 2020 में अमेजन प्राइम की वेब सीरीज 'पाताल लोक' में हाथीराम चौधरी का किरदार निभाया। इस भूमिका के चलते उन्हें फिल्मफेयर ओटीटी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इसके बाद उन्होंने 'ज्वेल थीफ', 'जाने जान', और 'महाराज' जैसी फिल्मों और वेब सीरीज में भी अपनी एक्टिंग का जादू दिखाया।
--आईएएनएस
पीके/एबीएम