मुंबई, 28 सितंबर (आईएएनएस)। अमेरिका में ब्याज दरों में बढ़ोतरी की उम्मीद के चलते सोमवार को सोने और चांदी की कीमतों को ट्रैक करने वाले गोल्ड-सिल्वर ईटीएफ (एक्सचेंज ट्रेडेड फंड्स) में 3.6 प्रतिशत तक की बड़ी गिरावट देखने को मिली।
चांदी में सोने के मुकाबले अधिक गिरावट के कारण सिल्वर ईटीएफ में ज्यादा गिरावट देखी जा रही थी।
एसबीआई सिल्वर ईटीएफ करीब 3.6 प्रतिशत गिरकर 216.23, निप्पॉन इंडिया सिल्वर ईटीएफ 3.57 प्रतिशत घटकर 210.99, टाटा सिल्वर ईटीएफ 3.51 प्रतिशत घटकर 21.43 और आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल सिल्वर ईटीएफ 3.44 प्रतिशत घटकर 220.49 पर पहुंच गया है।
दूसरी तरफ आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल गोल्ड ईटीएफ 2.64 प्रतिशत घटकर 125.63, एसबीआई गोल्ड ईटीएफ 2.55 प्रतिशत घटकर 125.16, निप्पॉन इंडिया गोल्ड ईटीएफ 2.45 प्रतिशत घटकर 121.38 और टाटा गोल्ड ईटीएफ 2.26 प्रतिशत घटकर 14.29 पर आ गया है।
दोपहर 1:30 बजे मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का 5 अक्टूबर, 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 2.49 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 1,47,121 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी का 4 दिसंबर, 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 3.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,26,853 रुपए प्रति किलो पर था।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने और चांदी में बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। खबर लिखे जाने तक कॉमेक्स पर सोना 3.13 प्रतिशत गिरकर 4,185 डॉलर प्रति औंस और चांदी 5.19 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 61.42 डॉलर प्रति औंस पर थी।
सोने और चांदी में गिरावट की वजह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ईरान के शांति प्रस्ताव को खारिज करने को माना जा रहा है, जिससे कच्चे तेल का बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड का दाम 107 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। इससे लंबे समय तक महंगाई बढ़ने का खतरा पैदा हो गया है।
इसने आने वाले फेड की बैठक में ब्याज दर बढ़ोतरी की अनुमान को बढ़ा दिया है, जिससे कीमती धातुओं पर दबाव देखने को मिल रहा है।
--आईएएनएस
एबीएस