इंग्लैंड के खिलाफ भारत का पलड़ा भारी, हम जीतेंगे: यश ठक्कर

इंग्लैंड के खिलाफ भारत का पलड़ा भारी, हम जीतेंगे: यश ठक्कर

राजकोट, 5 मार्च (आईएएनएस)। भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 विश्व कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई में खेला जाना है। मैच शाम 7 बजे से खेला जाना है। राजकोट के क्रिकेट फैंस का मानना है कि भारतीय टीम मजबूत है और सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल खेलेगी और फाइनल मुकाबला भी जीतेगी।

आईएएनएस से बात करते हुए सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन के अंडर-14 टीम के कोच यश ठक्कर ने कहा, "इंग्लैंड के खिलाफ भारत का पलड़ा भारी है। संजू सैमसन ने पिछले मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ जिस तरह की बल्लेबाजी की, उसे देखने के बाद ऐसा लगता है कि हमारे सभी खिलाड़ी फॉर्म में हैं। वानखेड़े में जब इंग्लैंड के खिलाफ पिछला टी20 मैच हुआ था तो अभिषेक ने शतक लगाया था। अभिषेक सेमीफाइनल में बड़ी पारी खेल सकते हैं। बल्लेबाजी के साथ ही गेंदबाजी में भी हम मजबूत हैं, इसलिए सेमीफाइनल मुकाबला हम जीतेंगे।"

युवा क्रिकेटर रूद्र ने कहा कि भारतीय टीम ने सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका से मिली हार के बाद शानदार वापसी की और जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई है।

रूद्र ने कहा, "भारतीय टीम के बल्लेबाज और गेंदबाज फॉर्म में हैं और अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। इंग्लैंड की टीम मजबूत है, लेकिन वानखेड़े स्टेडियम में भारतीय टीम को फैंस को सपोर्ट मिलेगा और टीम इंडिया ही जीतेगी। टीम इंडिया फाइनल खेलेगी और न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीतेगी।"

एक अन्य युवा क्रिकेटर धैर्य ठक्कर ने कहा, "भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबला जीतेगी। ईशान किशन, संजू सैमसन, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या फॉर्म में हैं। सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे का यह घरेलू मैदान है। इसलिए भारतीय टीम को बल्लेबाजी में कोई परेशानी नहीं आएगी। जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती के होते हुए हमारी गेंदबाजी भी मजबूत है।"

भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले सेमीफाइनल की विजेता टीम फाइनल मुकाबले में 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ उतरेगी।

--आईएएनएस

पीएके