वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2027 के मुंबई रोड शो में दिग्गज उद्योगपतियों से मिले मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल

वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2027 के मुंबई रोड शो में दिग्गज उद्योगपतियों से मिले मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल

मुंबई, 3 सितंबर (आईएएनएस)। वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2027 के रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने देश के दिग्गज उद्योगपतियों से मुलाकात की। इनमें महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा, एएम/एनएस इंडिया के सीईओ अमित हरलालका और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के एमडी सतीश पाई का नाम शामिल था।

आनंद महिंद्रा से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर मुख्यमंत्री पटेल ने कहा कि 11वें वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2027 के लिए मुंबई रोडशो में महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा के साथ एक दिलचस्प और सार्थक बातचीत हुई।

गुजरात में महिंद्रा ग्रुप की मौजूदगी बढ़ाने पर चर्चा हुई, जिसमें खास तौर पर इलेक्ट्रिक व्हीकल इकोसिस्टम और भविष्य के मोबिलिटी सॉल्यूशंस में बड़े पैमाने पर मौकों और गिफ्ट सिटी में मौजूदगी बनाने पर विचार किया गया।

उन्होंने आगे कहा कि बैठक में चर्चा की गई कि कैसे गुजरात का वर्ल्ड-क्लास पोर्ट-बेस्ड लॉजिस्टिक्स, भरोसेमंद इंफ्रास्ट्रक्चर और भविष्य को ध्यान में रखकर बनाई गई इंडस्ट्रियल पॉलिसीज, अगली पीढ़ी की मैन्युफैक्चरिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज के लिए एक बेहतरीन आधार प्रदान करती हैं।

वहीं, एएम/एनएस इंडिया के सीईओ अमित हरलालका से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री पटेल ने कहा कि एएम/एनएस इंडिया ने गुजरात में दुनिया का सबसे बड़ा स्टील मैन्युफैक्चरिंग प्लांट बनाने का एक विजन साझा किया, जिसकी कुल क्षमता 25 मिलियन टन होगी।

जून तक पूरे होने वाले 80,000 करोड़ रुपए के बड़े कैपिटल इन्वेस्टमेंट में हुई प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही, हजीरा में बड़े रिन्यूएबल एनर्जी और बैटरी स्टोरेज सिस्टम के लिए 10,000 करोड़ रुपए के अतिरिक्त निवेश की प्रतिबद्धता पर भी चर्चा हुई।

इसके अतिरिक्त, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के एमडी सतीश पाई से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री पटेल ने कहा कि हमने गुजरात के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में हिंडाल्को की मौजूदगी को मजबूत करने पर चर्चा की, जिसमें कॉपर रीसाइक्लिंग, ई-वेस्ट मैनेजमेंट और सर्कुलर इकॉनमी से जुड़ी पहलों पर खास फोकस किया गया।

हमने दिसंबर में शुरू होने वाले कॉपर रीसाइक्लिंग प्लांट के उद्घाटन की योजनाओं पर भी बात की। साथ ही, गुजरात को कॉपर के लिए एक प्रमुख ग्लोबल डेस्टिनेशन के तौर पर और मजबूत बनाने के लिए निवेश के नए मौकों और सस्टेनेबल इंडस्ट्रियल तरीकों पर भी चर्चा की।

--आईएएनएस

एबीएस